RCB vs CSK Pitch Report In Hindi Today Match IPL 2025: आईपीएल के सीजन 2025 में आज का जोरदार मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और चेन्नई सुपर किंग्स (Royal Challengers Bengaluru vs Chennai Super Kings) के बीच होने जा रहा है। इन दोनों टीमों के बीच ये मैच आरसीबी के अपने शहर बेंगलुरू में खेला जाएगा। सीजन में अब तक खेले मुकाबलों में इन दोनों टीमों के आंकड़े देखें तो बेंगलुरू ने अब तक खेले 10 मैचों में 7 में जीत दर्ज की है और 3 मैच हारे हैं। जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति अच्छी नहीं है क्योंकि उन्होंने अब तक अपने 10 मुकाबलों में दो मैच में जीते हैं और 8 मैच गंवाए हैं। बेंगलुरू की टीम ने इससे पहले चेन्नई के मैदान पर सीएसके को शिकस्त दी थी और आज चेन्नई सुपर किंग्स बेंगलुरू को उसके घर में हराकर हिसाब चुकता करने का प्रयास करेगी। आज होने वाला बेंगलुरू-चेन्नई मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 7:00 बजे होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की अगुवाई उनके नए कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) कर रहे हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) कर रहे हैं। ये मैच इस टूर्नामेंट के लिए बेहद खास होने वाला है क्योंकि ऐसा हो सकता है कि ये आखिरी बार हो जब महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली (Dhoni- Kohli) एक दूसरे के खिलाफ खेलते हुए नजर आए।
आरसीबी बनाम सीएसके पिच रिपोर्ट
आज इंडियन प्रीमियर लीग में दो दमदार टीमों का मैच है। एक तरफ है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू तो दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स। आइए देख लेते हैं कि इन दोनों टीमों की ताजा अंक तालिका (IPL 2025 Points Table) में स्थिति कैसी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 14 अंक हैं और वे दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। पिछली रात मुंबई इंडियंस ने राजस्थान को शिकस्त देकर लंबी छलांग लगाई है जिस वजह से बेंगलुरू एक स्थान नीचे खिसक गई है। वो आज जीत दर्ज करके वापस पहले स्थान पर कब्जा जमाने का प्रयास करेंगे। बेंगलुरू का नेट रन रेट 0.521 है। वहीं दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के केवल 4 अंक हैं और वे 10वें स्थान पर मौजूद है। चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले आईपीएल मैच से पहले आपको बताएंगे कि इन दो बड़ी टीमों के बीच का आंकड़ों की नजर से टूर्नामेंट में आमने-सामने का इतिहास कैसा रहा है। चेन्नई और बेंगलुरू के बीच अब तक आईपीएल में 34 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा बहुत भारी रहा है। चेन्नई ने 21 बार आरसीबी को शिकस्त देने में सफलता हासिल की है, जबकि बेंगलुरू की टीम सिर्फ 12 मैचों में चेन्नई के खिलाफ जीत दर्ज कर पाई है। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम चेन्नई सुपर किंग्स आज के मैच की पिच रिपोर्ट (RCB vs CSK Pitch Report)
आईपीएल में आज चेन्नई और मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच होने वाला मुकाबला बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M Chinnaswamy Stadium) पर खेला जाना है। वैसे तो इस मैदान पर बल्लेबाज ही दम दिखाते आए हैं लेकिन मौजूदा सीजन में यहां की पिच कुछ अलग ही रंग-रूप में दिख रही है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। 18 अप्रैल 2025 को जब आरसीबी और पंजाब किंग्स की यहां टक्कर हुई थी तब तो पिच ने इतिहास के सारे आंकड़ों को ढेर कर दिया। बारिश से प्रभावित वो मैच 14-14 ओवर का हो गया था। उस मैच में बेंगलुरू की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और वे 14 ओवर में सिर्फ 95 रन ही बना सके जिस दौरान उन्होंने 9 विकेट भी गंवा दिए। इसके बाद जवाब देने उतरी पंजाब किंग्स की टीम भी 12.1 ओवर में जाकर जीत हासिल कर पाई, हालांकि उन्होंने सिर्फ 5 विकेट गंवाए। कुल मिलाकर गेंदबाज पूरी तरह हावी नजर आए जो कि इस पिच का रवैया नहीं रहा है। हालांकि पिछले मैच में चिन्नास्वामी अपने पुराने रंग में दिखा जब आरसीबी ने राजस्थान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए वहीं इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स केवल 194 रन ही बना पाई। हालांकि पिच पर बल्लेबाजी आसान नजर आई। इससे पहले हुए शुरुआत दो मैचों में भी मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को हार ही मिली थी। पहले मैच में बेंगलुरू ने 169 रन बनाए और गुजरात ने 17.5 ओवर में आसानी से आठ विकेट से जीत दर्ज कर ली। जबकि, दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू एक बार फिर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी और 163 रन बनाए। इसके बाद 164 रनों के टारगेट को हासिल करने उतरी दिल्ली की टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर ली और बेंगलुरू को अपने घर में फिर हार मिली। अब तक इस सीजन यहां खेले गए चार मैचों में बेंगलुरू को तीन में हार का सामना करना पड़ा है और आज चेन्नई के खिलाफ वे स्थानीय फैंस को जीत की बड़ी खुशी देना चाहेंगे। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक आईपीएल इतिहास में 99 गेम्स हो चुके हैं जिसमें 42 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है जबकि 53 मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। यहां टॉस जीतने वाली टीम को 53 मैचों में और टॉस हारने वाली टीम को 44 मुकाबलों में जीत मिली है।
आज बेंगलुरू और चेन्नई के इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In RCB vs CSK Match Today)
आईपीएल में आज चेन्नई और बेंगलुरू की दिग्गज टीमों के बीच होने वाले महामुकाबले में कई ऐसे खिलाड़ी मैदान पर होंगे जो अकेले दम पर मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं। अगर चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो धोनी की लोकप्रियता तो दिखेगी ही, उनके अलावा पिछले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को अच्छी स्थिति में लाने वाले इंग्लैंड के सैम करन (Sam curran), युवा ओपनर आयुष महात्रे (Ayush Mhatre), मिडल ऑर्डर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (Dewald Brevis) दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja), पर्पल कैप में धमाल मचा रहे अफगानी स्पिनर नूर अहमद (Noor Ahmad) और खलील अहमद (Khaleel Ahmed) से उम्मीदें होंगी। वहीं, बात अगर मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीम के खिलाड़ियों की बात करें तो उनकी तरफ से विराट कोहली पर हमेशा की तरह करोड़ों फैंस की निगाहें रहेंगी, वे बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। उनके पिछले मैच के हीरो रहे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya), ओपनर फिल सॉल्ट (Phil Salt), कप्तान रजत पाटीदार, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड (Tim David) और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) पर नजरें टिकी रहेंगी।
बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पिछले 5 आईपीएल मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 IPL Matches Scorecards And Results At Bengaluru)
| तारीख | दोनों टीमें | मुकाबले का स्कोरकार्ड | मैच का नतीजा |
| 18 मई 2024 | बेंगलुरू-चेन्नई | RCB- 218/5, CSK- 191/7 | RCB 27 रन से जीता |
| 2 अप्रेल 2025 | बेंगलुरू-गुजरात | RCB- 169/8, GT- 170/2 (17.5 ओवर) | GT 8 विकेट से जीता |
| 10 अप्रैल 2025 | दिल्ली-बेंगलुरू | RCB- 163/7, DC- 169/4 (17.5 ओवर) | DC 6 विकेट से जीता |
| 18 अप्रैल 2025 | पंजाब-बेंगलुरू | RCB- 95/9 (14 ओवर), PBKS- 98/5 (12.1 ओवर) | PBKS 5 विकेट से जीता |
| 24 अप्रैल 2025 | बेंगलुरू-राजस्थान | RCB- 205/5, RR- 194/9(20 ओवर) | RCB 11 रनों से जीता |
चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल 2025 में टीमें (Chennai Super Kings And Royal Challengers Bengaluru IPL 2025 Squads)
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम: आयुष महात्रे, रचिन रविंद्र, राहुल त्रिपाठी, महेंद्र सिंह धोनी(कप्तान), रविंद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, विजय शंकर, सैम कुरेन, डेवाल्ड ब्रेविस, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और दीपक हुड्डा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, लियाम लिविंगस्टोन, रसिख सलाम, सुयश शर्मा, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, यश दयाल, जोश हेजलवुड, अभिनंदन सिंह, मोहित राठी, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वस्तिक चिकारा और लुंगी एनगिडी।
