शहर

Twisha Sharma मौत मामले में सास गिरिबाला सिंह की जमानत पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई

मॉडल Twisha Sharma मौत मामले में उनकी सास गिरिबाला सिंह की नियमित जमानत याचिका पर आज मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। CBI की चार्जशीट में दहेज मृत्यु की धारा हटाए जाने के बाद पूर्व जज पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

Image

गिरिबाला सिंह की जमानत पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई

मॉडल-एक्ट्रेस Twisha Sharma की मौत के मामले में उसकी सास और पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की नियमित जमानत याचिका पर आज यानी शुक्रवार 16 अक्टूबर को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। CBI की चार्जशीट में दहेज मृत्यु से संबंधित आरोप हटाकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप शामिल किए जाने के बाद जमानत याचिका पर बदली हुई कानूनी परिस्थितियों में विचार किया जाएगा। इससे पहले हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह को जमानत आवेदन में संशोधन करने की अनुमति दी थी।

इस मामले में ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़ी जांच और कानूनी कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है। वहीं, मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली ट्रांस्फर करने की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई संभावित बताई गई है।

दहेज मृत्यु की धारा हटी, बदला जमानत आवेदन

पिछली सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह की तरफ से जमानत आवेदन में संशोधन की अनुमति मांगी गई थी। याचिका में दहेज मृत्यु से संबंधित आरोप हटने के बाद नए आरोपों के अनुरूप बदलाव करने की मांग की गई। हाईकोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी थी।

CBI की चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का आरोप शामिल नहीं किया गया, जबकि धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। अब हाईकोर्ट बदली हुई कानूनी परिस्थिति और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा।

12 मई 2026 को हुई थी ट्विशा शर्मा की मौत

33 साल की ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 को भोपाल स्थित अपनी ससुराल में फंदे पर मिली थीं। 9 दिसंबर 2025 को ही उनकी शादी गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से हुई थी। ट्विशा की मौत के बाद उनके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। शुरुआत में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु, क्रूरता और दहेज प्रतिषेध कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था।

हाईकोर्ट ने पहले रद्द की थी अग्रिम जमानत

भोपाल की जिला अदालत ने 15 मई को गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दी थी। ट्विशा के परिजनों और राज्य सरकार ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी। इसके बाद 27 मई को हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत निरस्त कर दी थी। मामले में गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को जांच के दौरान हिरासत में लिया गया।

AIIMS की रिपोर्ट में आत्महत्या का जिक्र

हाईकोर्ट के निर्देश पर 24 मई 2026 को AIIMS दिल्ली के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने भोपाल में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम किया था। CBI को सौंपी गई रिपोर्ट के मुताबिक, मौत का कारण फंदे से दम घुटना बताया गया और मृत्यु को आत्महत्या माना गया। रिपोर्ट में ऐसी महत्वपूर्ण चोटें नहीं मिलने की बात कही गई, जो हमले या संघर्ष का संकेत देती हों।

CBI ने जांच के दौरान डिजिटल और फोरेंसिक सुबूतों के साथ चैट, कॉल रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की। अब हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई में गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका और बदले हुए आरोपों पर विचार किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article