Egypt Visa For Student: प्राचीन इतिहास, संस्कृति की भूमि मिस्र (Egypt) केवल अपने पिरामिडों के लिए ही नहीं बल्कि वर्ल्ड क्लास हायर एजुकेशन के लिए भी जानी जाती है। आज के समय में दुनिया भर से छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। काहिरा विश्वविद्यालय, अल-अजहर यूनिवर्सिटी और अमेरिकन यूनिवर्सिटी इन काहिरा जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थान चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अरबी भाषा और इस्लामिक अध्ययन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी एक खास पहचान रखते हैं। यही वजह है कि भारत समेत कई देशों के छात्र हर साल मिस्र का रुख करते हैं। यदि आप भी इस ऐतिहासिक देश में अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे अहम सवाल यह है कि इसके लिए कौन-सा वीजा चाहिए और इसकी पूरी कागजी प्रक्रिया क्या है?
मिस्र में पढ़ाई के लिए कौन-सा वीजा चाहिए?
मिस्र सरकार के नियमों के अनुसार, यहां पढ़ाई करने के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पढ़ाई के लिए मुख्य रूप से दो-चरणीय प्रक्रिया से गुजरना होता है -
1. एंट्री वीजा : सबसे पहले छात्र अपने गृह देश में स्थित मिस्र के दूतावास या आधिकारिक ई-वीजा पोर्टल के माध्यम से शुरुआती 'एंट्री या टूरिस्ट वीजा' प्राप्त करते हैं। इसके जरिए छात्र मिस्र में प्रवेश करते हैं।
2. स्टूडेंट रेजिडेंस परमिट : मिस्र पहुंचने के बाद, संबंधित विश्वविद्यालय या संस्थान के सहयोग से वहां के आंतरिक मंत्रालय में 'रेजिडेंस परमिट' के लिए आवेदन किया जाता है। यही आधिकारिक रूप से आपका स्टूडेंट वीजा होता है, जो आमतौर पर एक साल के लिए वैध होता है और कोर्स की अवधि के अनुसार हर साल रिन्यू कराया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Monaco में विदेशी छात्रों के लिए क्या है पढ़ाई के नियम, एडमिशन से पहले जानना है जरूरी
वीजा के लिए जरूरी पात्रता और महत्वपूर्ण नियम
विश्वविद्यालय से प्रवेश पत्र - मिस्र के किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से आपके पास ऑफिशियल एडमिशन लेटर होना अनिवार्य है।
पासपोर्ट की वैधता - आपका पासपोर्ट कम से कम 6 महीने के लिए वैध होना चाहिए और उस पर वीजा स्टैम्पिंग के लिए पर्याप्त खाली पन्ने होने आवश्यक है।
पुलिस रजिस्ट्रेशन - मिस्र पहुंचने के 7 दिनों के भीतर छत्र को स्थानीय पुलिस स्टेशन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना और रजिस्ट्रेशन करना कानूनन अनिवार्य है।
मेडिकल फिटनेस - छात्रों को एचआईवी (HIV) और अन्य संक्रामक रोगों से मुक्त होने का आधिकारिक मेडिकल सर्टिफिकेट देना होता है।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट
मिस्र के शिक्षण संस्थानों और वीजा प्रक्रिया के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ती है -
- मूल पासपोर्ट
- पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
- एडमिशन या एक्सेप्टेंस लेटर
- शैक्षणिक प्रमाण पत्र (10वीं, 12वीं या ग्रेजुएशन की मार्कशीट और डिग्री)
- वित्तीय प्रमाण (बैंक स्टेटमेंट)
- मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट और स्वास्थ्य बीमा
- आवास का प्रमाण
उम्मीदवारों को सलाह है कि वह एक बार मिस्र की आधिकारिक वीजा वेबसाइट पर जाकर नियमों को ध्यान से पढ़ें। ताकि उन्हें ऊपर दिए गए किसी अन्य दस्तावेज की जरूरत के बारे में समय पर पता हो और बाद में दिक्कत न हो।
क्या है आवेदन कि प्रक्रिया
1. सबसे पहले अपनी पसंद के मिस्र के विश्वविद्यालय में आवेदन करें और ऑफर लेटर प्राप्त करें।
2. अपने देश में स्थित मिस्र के दूतावास से संपर्क करके शुरुआती एंट्री/स्टडी वीजा लगवाएं।
3. देश में उतरने के 7 दिनों के भीतर पुलिस रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
4. अपनी यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल स्टूडेंट ऑफिस की मदद से आंतरिक मंत्रालय में दस्तावेज जमा कर अपना फाइनल स्टूडेंट रेजिडेंस कार्ड बनवाएं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंग्लिश में 'Weekend Brain' का क्या अर्थ है, किन लोगों के लिए होता है इस्तेमाल
छात्रों के लिए उपयोगी बातें
पश्चिमी देशों की तुलना में मिस्र में ट्यूशन फीस और रहने-खाने का खर्च बजट-फ्रेंडली है, जिससे यह छात्रों के लिए आर्थिक रूप से सुलभ विकल्प बनता है। वह कम खर्च में बेहतरीन शिक्षा प्राप्त कर एक शानदार करियर की दिशा में कदम रख पाएंगे। यदि आप अरबी भाषा या इस्लामिक स्टडीज में रिसर्च कर रहे हैं, तो मिस्र वैश्विक स्तर पर सबसे बेहतरीन केंद्र माना जाता है।
