IPL 2026 के प्लेऑफ के लिए तीन टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है। चौथी टीम का फैसला 24 मई को हो जाएगा। यह मैच राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में सबसे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने जगह बनाई थी। RCB की टीम इस सीजन अंक तालिका में टॉप पर फिनिश करेगी, यह तय हो गया है। RCB ने इस सीजन 14 मैचों में 9 जीत हासिल की है। वहीं 5 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में उनके पास 18 अंक हैं। गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद के पास भी 18-18 अंक हैं, लेकिन रन रेट के हिसाब से दोनों टीमें आरसीबी से पीछे हैं। गुजरात टाइटंस 18 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर और सनराइजर्स हैदराबाद 18 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है। ये दोनों टीमें भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।
आरसीबी (फोटो साभार- IPL/BCCI)
कितनी बार टेबल टॉपर्स ने जीती ट्रॉफी
आईपीएल में लीग स्टेज में नंबर-1 रहने का मतलब हमेशा खिताब जीतना नहीं होता। इतिहास गवाह है कि सिर्फ 5 बार ही टेबल टॉपर टीमें ट्रॉफी उठा पाई हैं। ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए इस बार राह आसान नहीं होगी। RCB ने पिछले सीजन पहली बार आईपीएल खिताब जीता था। अब टीम दूसरे खिताब की तलाश में है। पिछले सीजन टेबल में टॉप पर पंजाब किंग्स थी, लेकिन उसे उपविजेता से संतोष करना पड़ा था।
किन टेबल टॉपर्स ने पहले जीता खिताब
आईपीएल इतिहास में लीग स्टेज में टॉप पर रहने के बाद खिताब जीतने का रिकॉर्ड बहुत कम टीमों के नाम है। सबसे पहले 2008 में राजस्थान रॉयल्स ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल करने के बाद ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने 2017 में टेबल टॉपर रहते हुए खिताब अपने नाम किया था। उस सीजन MI ने 14 में से 10 मैच जीते थे। मुंबई ने यही सफलता 2019 में दोहराई, जब टीम ने 14 में से 9 मैच जीतकर टॉप किया और फिर चैंपियन बनी। 2020 में भी कहानी नहीं बदली और मुंबई इंडियंस 14 में से 9 जीत के साथ टेबल टॉपर रही और लगातार दूसरी बार खिताब जीता। मुंबई के बाद 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने टेबल टॉपर रहते हुए अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्रॉफी उठा ली थी।
