आईपीएल नई प्रतिभा को मंच देता है यह एक बार फिर से सोमवार को जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में साबित हो गया। गुजरात के खिलाफ इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने हर एक गेंदबाज की जमकर खबर ली। वैभव ने 38 गेंद में 7 चौकों और 11 छक्के की मदद से 101 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस विस्फोटक पारी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 101 रन में से 94 रन केवल बाउंड्री से बटोरे।
राहुल द्रविड़ और वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)
क्रिस गेल के क्लब में शामिल हुए वैभव
इस पारी के दम पर वैभव आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। पहले नंबर पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 30 गेंद में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ साल 2013 में सबसे तेज शतक जड़ा था।
वैभव अपना तीसरा ही आईपीएल मैच खेल रहे थे। वह आईपीएल में शतक जड़ने वाले सबसे युवा और सबसे तेज भारतीय होने के साथ-साथ टी20 क्रिकेट में भी शतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। वैभव की इस पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने जीटी द्वारा निर्धारित 210 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 20 गेंदों में 34 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर इस युवा खिलाड़ी ने अपनी क्षमता का परिचय पहले ही दे दिया था।
राहुल द्रविड़ का रिएक्शन हुआ वायरल
सूर्यवंशी ने जैसे ही अपना शतक पूरा किया। राजस्थान रॉयल्स का पूरा डग आउट खुशी से उछल पड़ा। खुशी मनाने वालों में कोच राहुल द्रविड़ भी शामिल थे जो भूल गए कि वह चोटिल हैं। द्रविड़ अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए। वैभव के शतक पूरा करते ही द्रविड़ ने व्हीलचेर से खड़े होकर उनका अभिवादन किया। अब उनकी यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
वैभव सूर्यवंशी द्वारा तोड़े गए रिकॉर्ड
वैभव द्वारा 35 गेंदों में लगाया गया शतक आईपीएल में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है। सूर्यवंशी द्वारा लगाए गए 11 छक्के एक पारी में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे ज्यादा है। यह आईपीएल की एक पारी में किसी अनकैप्ड बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक छक्के और राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक छक्के भी हैं।
