काबुल: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने बुधवार को मध्य क्रम के बल्लेबाज रहमत शाह को राष्ट्रीय टीम का नया टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान नियुक्त किया। यह फैसला हशमतुल्लाह शाहिदी के इस्तीफे के बाद किया गया। रहमत 2021 से टेस्ट और एकदिवसीय दोनों प्रारूप में लगातार अफगानिस्तान के उप कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। एसीबी ने एक बयान में कहा,'एसीबी को भरोसा है कि उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और टीम की समझ अफगानिस्तान को और बड़ी सफलता हासिल करने में मदद करेगी।'
रहमत शाह (फोटो क्रेडिट ACB X)
वनडे और टेस्ट टीम की संभालेंगे कमान
रहमानुल्लाह गुरबाज दोनों प्रारूप में उप कप्तान की भूमिका निभाएंगे। ये दोनों आयरलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की आगामी श्रृंखला के दौरान अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। शाहिदी को मई 2021 में कप्तान नियुक्त किया गया था और उन्होंने जनवरी 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ श्रृंखला में जीत के साथ अपना कार्यकाल शुरू किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान क्रिकेट में बड़ी हलचल, बिना कारण बताए शाहिदी ने दिया ODI कप्तानी से इस्तीफा, सोशल मीडिया पर किया ऐलान
शाहीदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने किया शानदार प्रदर्शन
कप्तान के तौर पर शाहिदी के सफल कार्यकाल के दौरान अफगानिस्तान ने कई बड़ी जीत और उपलब्धियां हासिल कीं तथा अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी उल्लेखनीय प्रगति की। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने 55 एकदिवसीय मैच में 27 जीत हासिल कीं। उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने 2023 विश्व कप में चार यादगार जीत हासिल की। अफगानिस्तान ने इस दौरान इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड को हराया और टूर्नामेंट में छठे स्थान पर रहा।
अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग में पहुंचा अफगानिस्तान
विश्व कप 2023 में शानदार प्रदर्शन ने अफगानिस्तन को चैंपियंस ट्रॉफी में जगह दिलाई। टीम ने टूर्नामेंट में पदार्पण करते हुए इंग्लैंड पर बड़ी जीत दर्ज की और अफगानिस्तान कुल मिलाकर पांचवें स्थान पर रहा। शाहिदी की अगुआई में अफगानिस्तान ने आईसीसी पुरुष एकदिवसीय टीम रैंकिंग में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ सातवां स्थान भी हासिल किया जो देश के क्रिकेट इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि थी।
शाहीदी की कप्तानी में जीती लगातार पांच वनडे सीरीज
शाहिदी के नेतृत्व में अफगानिस्तान ने 2024 और 2025 के बीच आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार पांच एकदिवसीय श्रृंखला जीतीं। दक्षिण अफ्रीका को अफगानिस्तान ने इस दौरान पहली बार द्विपक्षीय श्रृंखला में हराया। अपने कार्यकाल के दौरान शाहिदी ने बांग्लादेश के खिलाफ लगातार तीन एकदिवसीय श्रृंखला में भी अफगानिस्तान को जीत दिलाई।
(भाषा)
