ऑस्ट्रेलिया और भारत की महिला क्रिकेट टीमों के बीच गुरुवार को केपटाउन में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2023 का सेमीफाइनल मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 173 रनों का लक्ष्य दिया। भारतीय टीम जवाब में करीब तो पहुंची लेकिन 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन ही बना सकी और 5 रन से मैच गंवा दिया जिसके साथ ही फाइनल में जाने का उनका सपना टूट गया। ऑस्ट्रेलिया की जीत की सबसे बड़ी वजह बनीं ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर।
एश्ले गार्डनर रहीं प्लेयर ऑफ द मैच (ICC)
एश्ले गार्डनर ने 18 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली और उसके साथ ही 37 रन देकर 2 विकेट भी झटके। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया। मैच के बाद एश्ले गार्डनर से जब सवाल जवाब हुए तो उन्होंने कुछ दिलचस्प खुलासे कर डाले। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा।
गार्डनर ने कहा, "आखिरी ओवर में मेरे दिल की धड़कन 190 जैसी थी। हमारी टीम इसी तरह लड़ती है। मैच के बाद हडल में हमने एक दूसरे से यही कहा था। हम जीतने की स्थिति में नहीं थे। लेकिन हमने रास्ता बनाया, मेहनत की और हम जीत गए। हमने बैट से अच्छा प्रदर्शन किया, गेंद से थोड़ा चूक गए।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत के पास निचले क्रम तक अच्छी बल्लेबाज हैं। गेंद हाथ में थी और कोशिश विकेट पर मारने की थी और अतिरिक्त रन नहीं देने थे। इस मनोबल के साथ फाइनल में जाना चाहूंगी।"
