स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की सीनियर मेंस चयन समिति में वेस्ट जोन के प्रतिनिधि के तौर पर अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने इस पद के लिए आवेदन नहीं किया है। इससे प्रज्ञान ओझा के लिए कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बने रहने का रास्ता साफ हो गया है।
प्रज्ञान ओझा बनेंगे चीफ सेलेक्टर। फाइल फोटो
वेस्ट जोन के खाली पद को भरने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बुधवार को समाप्त हो गई, लेकिन पार्थिव ने चयन प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, मुझे नहीं पता कि बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाएगा या नहीं, लेकिन 14 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक पार्थिव ने आवेदन नहीं किया था। अगर समयसीमा बढ़ाई जाती है या वह अपना फैसला बदलते हैं, तो स्थिति बदल सकती है।
प्रज्ञान ओझा प्रबल दावेदार
साउथ जोन का प्रतिनिधित्व करने वाले ओझा के अपने कार्यकाल के बचे समय तक अध्यक्ष बने रहने की संभावना है। मौजूदा चयनकर्ताओं में उनके नाम सबसे अधिक टेस्ट मैच होने से उनकी दावेदारी मजबूत हुई है। जूनियर पुरुष चयन समिति का अध्यक्ष बनने के प्रबल दावेदार माने जा रहे रमेश पोवार अब वेस्ट जोन से सीनियर चयनकर्ता के पद के लिए दावेदार बन सकते हैं। भारत के पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे का नाम भी चर्चा में है।
गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े रहेंगे पार्थिव
चयनकर्ताओं के पदों के लिए पिछली बार आवेदन आमंत्रित किए जाने पर पोवार और दिघे दोनों ने आवेदन किया था। हालांकि, पश्चिम क्षेत्र से इस पद के लिए योग्य और प्रमुख उम्मीदवारों की संख्या सीमित दिखाई दे रही है। इसकी स्थिति तभी बदल सकती है, जब बीसीसीआई आवेदन की समयसीमा बढ़ाकर पार्थिव को आवेदन करने का मौका दे। फिलहाल ऐसा लगता है कि पार्थिव सीनियर चयन समिति में भूमिका निभाने के बजाय गुजरात टाइटंस के कोचिंग स्टाफ और कमेंट्री से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियां जारी रखेंगे।
