मुल्तान: रावलपिंडी टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करने के बाद मुल्तान में शुक्रवार को शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान के धमाकेदार शुरुआत की है। पाकिस्तान के लिए डेब्यू करने वाले मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद और दूसरा टेस्ट खेल रहे जाहिद महमूद की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को 281 रन पर दिया। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 107 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान अभी भी इंग्लैंड से 174 रन पीछे है। बाबर 61 और शकील 32 रन बनाकर नाबाद हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम(AP)
मुल्तान में फिरकी में फंसा पाकिस्तान
पाकिस्तान के दो युवा स्पिनर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को फिरकी में फांस दिया। दोनों गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। इंग्लैंड की टीम आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करती रही और लगातार विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 51.4 ओवर में 281 रन बनाकर ढेर हो गई। मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद ने 22 ओवर में 114 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए। वहीं जाहिद महमूद ने 63 रन देकर 3 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने 49 गेंद में 63 और ओली पोप ने 61 गेंद में 60 रन की पारी खेली। इनके अलावा और कोई इंग्लिश बल्लेबाज पचास रन के आंकड़े को पार नहीं कर सका।अबरार अहमद ने मचाया धमालपाकिस्तान को पहली सफलता अबरार अहमद ने पारी के नौवें ओवर में 38 के स्कोर पर जैक क्रॉले को बोल्ड करके दिलाई। वो उनके टेस्ट करियर का पहला शिकार बने। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए पाकिस्तान को लंबा इंतजार करना पड़ा। लंच से पहले अबरार ने बेन डकेट को एलबीडब्लू कर दिया। उन्होंने 49 गेंद में तेजी से 63 रन बनाए। उनके और ओली पोप के बीच दूसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी हुई।
281 रन पर सिमटी इंग्लैंड की पारी
इंग्लैंड ने 19 ओवर में 2 विकेट पर 117 रन बना लिए थे। इसके बाद इंग्लैंड के तेजी से विकेट गंवाने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते देखते जो रूट(8), ओली पोप(60), हैरी ब्रूक(9) पवेलियन लौट गए। 167 रन पर इंग्लैंड ने 5 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में कप्तान बेन स्टोक्स और विल जैक्स ने थोड़ी देर विकेटों की पतझड़ पर लगाम लगाई और टीम को 200 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 228 के स्कोर पर स्टोक्स को अबरार अहमद ने बोल्ड कर दिया। स्टोक्स ने 38 गेंद में 30 रन की पारी खेली। इसके बाद जल्दी जल्दी विल जैक(31), ओली रॉबिनसन(5) पवेलियन लौट गए। अंत में एक छोर मार्क वुड ने संभाले रखा। उन्होंने 27 गेंद में 36 रन की नाबाद पारी खेली। जैक लीच(0) और जेम्स एंडरसन (7) के जाहिद महमूद की गेंद पर बोल्ड हो गए और इंग्लैंड की पारी सिमट गई।पाकिस्तान ने 51 रन पर गंवाए 2 विकेट इंग्लैंड को 281 रन पर ढेर करने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले इमाम उल हक खाते खोले बगैर जेम्स एंडरसन की गेंदपर कैच लपके गए। इसके बाद बाबर आजम और अबदुल्लाह शफीक ने टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन इसके ठीक बाद जैक लीच की गेंद पर शफीक 14(44) रन बनाकर कैच दे बैठे। ऐसे में पाकिस्तान का स्कोर 2 विकेट पर 51 रन हो गया। दो विकेट सस्ते में गंवाने के बाद कप्तान बाबर आजम ने सऊद शकील के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान को 2 विकेट पर 107 रन तक पहुंचा दिया। कप्तान बाबर 61 और शकील 32 रन बनाकर नाबाद पवेलियन वापस लौटे हैं।
