रावलपिंडी: युवा सलामी बल्लेबाज तैयब आरिफ और मोहम्मद ताहा ने पदार्पण टेस्ट में अर्धशतक जड़े, जिससे श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की शृंखला के पहले टेस्ट के शुरुआती दिन पाकिस्तान ने 67.2 ओवर में पांच विकेट पर 281 रन बना लिए। खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल निर्धारित समय से पहले रोकना पड़ा।
बाबर आजम
श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर हरी घास वाली पिच पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, तैयब ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 57 रन बनाए, जबकि तीसरे क्रम पर उतरे ताहा ने धैर्य और जुझारूपन का परिचय देते हुए 105 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने भी 30 रन का योगदान दिया। उनकी और तैयब की बल्लेबाजी के सामने श्रीलंकाई गेंदबाज शुरुआती 16 ओवर तक कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने 58 गेंदों में सात चौकों की मदद से 50 रन बनाए, जबकि सऊद शकील 57 रन बनाकर नाबाद रहे। खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने के समय विकेटकीपर गाजी गोरी उनके साथ क्रीज पर मौजूद थे। पाकिस्तान ने पहले सत्र में श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए 30 ओवर में दो विकेट पर 137 रन बना दिए। इसके बाद श्रीलंका ने अच्छी वापसी की। उसके चारों तेज गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ में सुधार किया और पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
बीस वर्षीय तैयब ने अपने पहले टेस्ट में ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। उनकी बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के 86 रन बना लिए थे। तैयब ने लाहिरू कुमारा के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
मिलान रतनायके ने अपने तीसरे ओवर में अजान अवैस (30) को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। विकेट के पीछे मेंडिस ने उनके बल्ले से लगे अंदरूनी किनारे पर शानदार कैच लपका। अगले ओवर में असिथा फर्नांडो ने तैयब को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को दूसरा झटका दिया। टेस्ट क्रिकेट में दिसंबर 2022 के बाद से शतक नहीं लगा सके बाबर इस मुकाबले में अच्छी लय में नजर आए। लंच के बाद दिलशान मदुशंका के पहले ही ओवर में उन्होंने तीन शानदार कवर ड्राइव लगाए और अपना 35वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। वह बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में मेंडिस को कैच थमा बैठे। इसके साथ ही उनके टेस्ट शतक का इंतजार 41 पारियों तक पहुंच गया।
बाबर के आउट होने के बाद ताहा और शकील ने टेस्ट क्रिकेट के पारंपरिक अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों ने संयम के साथ खेलते हुए चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। ताहा को श्रीलंका के कामचलाऊ स्पिनर सोनल दिनुषा ने पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद सलमान अली आगा (16) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। असिथा फर्नांडो (64 रन पर दो विकेट) की तेज गेंद पर वह चकमा खा गए और बल्ले का किनारा लेकर विकेट के पीछे मेंडिस को कैच दे बैठे। शकील और विकेटकीपर गाजी गोरी ने कम होती रोशनी के बीच संभलकर बल्लेबाजी की और अपने विकेट सुरक्षित रखे।
(भाषा)
