पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हैंडशेक विवाद पर पीछे न हटने का मन बना लिया। रिपोर्ट की मानें तो मैच से एक दिन पहले होने वाली प्रेस कांन्फ्रेंस को टीम ने रद्द कर दिया है। अब खबर यह भी आ रही है कि टीम एशिया कप से बाहर जा सकती है। पाकिस्तान की टीम ट्रेनिंग करेगी या नहीं, इस पर भी कोई अपडेट उसकी तरफ से नहीं आया है। एशिया कप में उनके भविष्य पर कोई स्पष्ट जानकारी शाम को ही मिलेगी। उन्हें बुधवार (16 सितंबर) को यूएई से भिड़ना है। अगर पाकिस्तान की टीम ऐसा करती है तो यह पहला मौका होगा जब कोई टीम बीच एशिया कप से यूं बाहर जाएगी।
भारत और पाकिस्तान (साभार- X BCCI)
पाकिस्तान अगर 17 सितंबर को होने वाले मुकाबले में नहीं खेलती है तो यूएई की टीम को इसका फायदा हो जाएगा। यूएई पहले ही एक जीत दर्ज कर चुकी है। ऐसे में पाकिस्तान के बाहर जाने से यूएई को दो प्वाइंट मिल जाएंगे और टीम पहली बार एशिया कप के सुपर-फोर में पहुंच जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
एशिया कप में बीते रविवार को भारत-पाकिस्तान का मुकाबला हुआ था। इस मुकाबले को टीम इंडिया ने आसानी से 7 विकेट से जीत लिया। लेकिन मुकाबले में टॉस के वक्त और फिर मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से कोई हैंडशेक नहीं किया था। इसके बाद पाकिस्तान कप्तान ने भी पीसी में न जाकर इसका विरोध किया था। इस घटना को पीसीबी ने दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए आईसीसी से मैच रेफरी एंडी पायक्राफ्ट को हटाने की मांग की थी। पीसीबी की ओर से कहा गया था कि अगर उन्हें नहीं हटाया गया तो वह यूएई के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी। मंगलवार दोपहर को आईसीसी ने उनकी यह डिमांड खारिज कर दी और अब टीम ने प्रेस कांन्फ्रेंस कैंसिल कर बता दिया कि वह इस मामले में पीछे हटने को तैयार नहीं है।
