Fastest 5000 runs in ODI history: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का शानदार फॉर्म बदस्तूर जारी है। पिछले तीन मैच में लगातार दो अर्धशतक जड़ने के बाद सीरीज के चौथे वनडे में बाबर ने 113 गेंद में अपना शतक 9 चौके की मदद से पूरा कर लिया। ये उनका वनडे में 18वां शतक है। बाबर 117 गेंद में 107 रन बनाकर आउट हुए। लीस्टर की गेंद पर वो मैकॉन्की के हाथों लपके गए। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 334 रन का स्कोर खड़ा किया।
बाबर आजम(साभार IPL/BCCI)
टूटा हाशिम अमला का वर्ल्ड रिकॉर्ड
बाबर ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में सबसे तेज गति से 5 हजार रन पूरे करने का दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाबर ने करियर की 97वीं पारी में वनडे क्रिकेट में 5 हजार रन पूरे कर लिए। जबकि अमला को इसके लिए 101 पारियां खेलनी पड़ी थी। उन्होंने अमला को चार पारियों के अंतर से पीछे छोड़ दिया।चौथे वनडे में 5 हजार रन पूरे करने से बाबर 19 रन दूर थे।
विवियन रिचर्ड्स और विराट भी छूटे पीछे
सबसे तेज गति से 5 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे पायदान पर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज विवियन रिचर्ड्स और भारत विराट कोहली है। इन दोनों को 5 हजार रन पूरे करने के लिए 114 पारियां खेलनी पड़ी थी। वहीं चौथे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं। उन्होंने 115 पारियों में वनडे में 5 हजार रन पूरे किए थे।
ऐसा है बाबर का वनडे क्रिकेट में रिकॉर्ड
बाबर आजम के नाम वनडे करियर में खेले 99 मैच की 97 पारियों में 12 बार नाबाद रहते हुए 59.85 के औसत और 89.31 के स्ट्राइक रेट से 5088 रन दर्ज हो गए हैं। उन्होंने इस दौरान 18 शतक और 26 अर्धशतक जड़े हैं। 158 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। इस दौरान वो तीन बार अपना खाता खोलने में नाकाम रहे।
पिछली 17 पारियों में बाबर ने मचाया है धमाल
वनडे क्रिकेट में बाबर आजम के बल्ले ने पिछली 17 पारियों में जमकर रन उगले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 9 अर्धशतक निकले हैं। इन 17 पारियों में वो केवल 2 बार एक अंक के आंकड़े के साथ पवेलियन वापल लौटे और कुल तीन बार पचास रन के आंकड़े को पूरा करने में नाकाम रहे। पिछले 17 पारियों में उन्होंने 1261 रन 78.81 के औसत और 90.91 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
