Team India Opener: भारतीय क्रिकेट टीम एक नए दौर में प्रवेश करने वाली है। 20 जून से शुरू हो रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ शुभमन गिल पहली बार टीम की कप्तानी संभालेंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद टीम के बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव की उम्मीद है, जहां अनुभव की भारी कमी को भरना मुख्य चुनौती होगी।
रिकी पोंटिंग (फोटो- X)
ओपनिंग जोड़ी पर बड़ा सवाल
रोहित शर्मा के संन्यास के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि ओपनिंग जोड़ी में किसे मौका मिलेगा? KL राहुल ने 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) के पांच टेस्ट में से चार में ओपनिंग की थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने साई सुदर्शन को इस भूमिका के लिए चुना है।
पोंटिंग ने कहा, "मैंने सुदर्शन को इसलिए चुना क्योंकि अगर वे (यशस्वी) जायसवाल के साथ सुदर्शन को ओपनर बनाते हैं, तो नंबर तीन पर किसी अनुभवी खिलाड़ी की जरूरत होगी। यहां KL राहुल या करुण नायर खेल सकते हैं, और शुभमन गिल नंबर चार पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।"उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि सुदर्शन के लिए टीम में आने का यह सही समय है। भारतीय टीम अभी पुनर्निर्माण के दौर से गुजर रही है, और उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। इस साल आईपीएल में उनका फॉर्म किसी से कम नहीं था।"
सुदर्शन और करुण नायर के बीच प्रतिस्पर्धा
सुदर्शन को मूल रूप से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरे इंडिया ए मैच में खेलना था, लेकिन उन्हें मुख्य टीम के साथ इंग्लैंड भेज दिया गया। 2025 आईपीएल में ऑरेंज कैप जीत चुके इस युवा बल्लेबाज ने अब तक 1 T20I और 3 ODI भारत के लिए खेले हैं।वहीं, KL राहुल ने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ शैडो टूर के दूसरे अनऑफिसियल टेस्ट में शतक जड़कर ओपनिंग स्थान के लिए अपना दावा पेश किया है। करुण नायर ने भी पहले मैच में दोहरा शतक बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
शुभमन गिल ने क्या कहा?
टीम के इंग्लैंड रवाना होने से पहले शुभमन गिल ने कहा, "हमने अभी बल्लेबाजी क्रम पर अंतिम फैसला नहीं किया है। हमारे पास कई विकल्प हैं, और हम मैच की स्थिति के अनुसार निर्णय लेंगे।"
इंग्लैंड दौरे के लिए भारत का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, ऋशभ पंत (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, शार्दूल ठाकुर, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।
