साढ़े 9 साल की मेहनत रंग लाई...U19 एशिया कप फाइनल के हीरो मोहित उल्वा के घर मनी जीत की दीवाली

भारतीय अंडर-19 टीम की चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2026 में खिताबी जीत के बाद जीत के हीरो मोहित उल्वा के घर पर दीवाली लौट आई है। उनके पिता ने कहा कि बेटे की साढ़े नौ साल की मेहनत लाई रंग। जानिए माता-पिता ने बेटे की सफलता के बारे में क्या कहा?

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम किया। इस रोमांचक जीत के हीरो गुजरात के सुरेंद्रनगर के मोहित उल्वा रहे, जिन्होंने नंबर-10 पर बल्लेबाजी करते हुए आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। एक समय भारतीय टीम ने 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में मोहित ने मनल चौहान (47 रन) के साथ 57 रन की साझेदारी की और फिर चिगुरुपति वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया।

Mohil Ulva  Family

अंडर-19 एशिया कप 2026 में खिताबी जीत का जश्न मनाता मोहित उल्वा का परिवार

मोहित की इस पारी के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। पिता महेशभाई उल्वा ने कहा कि जब मोहित बल्लेबाजी करने उतरा, तब करीब 100 रन बाकी थे और 8 विकेट गिर चुके थे। हालांकि, पहली ही गेंद पर उसके शॉट की टाइमिंग देखकर उन्हें भरोसा हो गया था कि बेटा अच्छी लय में है। महेशभाई ने कहा,'हीरो जैसा काम तो किया है। बहुत खुशी की बात है। जब वह बल्लेबाजी करने आया, तब करीब 100 रन बाकी थे और 8 विकेट गिर चुके थे। पहली गेंद खेलने के बाद उसकी टाइमिंग देखकर मुझे लग गया था कि आज वह लय में है। उसने अली रजा समेत तीनों तेज गेंदबाजों के खिलाफ अच्छी टाइमिंग से छक्के लगाए। वह मैच को आखिरी तक लेकर गया और अंतिम गेंद पर चौका मारकर भारत को जीत दिलाई। यह पूरे देश के लिए गौरव की बात है।

End of Feed