नेपाल ने यूएई को हराकर एशिया कप 2027 के लिए किया क्वालीफाई

नेपाल ने एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया। कुआलालंपुर में खेले गए एसीसी मेंस प्रीमियर कप के फाइनल में उसने यूएई को हराकर क्वालीफाई किया।

नेपाल ने कुआलालंपुर में खेले गए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के फाइनल में संयुक्त अरब अमीरात को हराकर एशिया कप 2027 के लिए क्वालीफाई कर लिया। नेपाल ने यह मुकाबला 44 रन से अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल ने 9 विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाए और बाद में यूएई को 49.1 ओवर में 269 रन पर रोक दिया। नेपाल की ओर से आसिफ शेख ने 106 गेंदों में सर्वाधिक 102 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के जड़े। एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह उनका दूसरा शतक था। शेख ने अर्जुन कुमाल के साथ मिलकर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। कुमाल 63 गेंदों पर 43 रन बनाकर रन आउट हुए।

nepal

नेपाल क्रिकेट टीम (साभार-X)

इसके बाद शेख ने कप्तान रोहित पौडेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। पौडेल ने 44 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। उन्होंने गुलशन झा के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। झा ने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 52 रन की उपयोगी पारी खेली। इन खिलाड़ियों के दम पर नेपाल ने 313 रन का स्कोर खड़ा किया जो वनडे में उनका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी था।

End of Feed