National Sports Awards 2023 Winners: खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के विजेताओं का ऐलान कर दिया है। इसमें भारत की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को वर्ष 2023 के लिये मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जायेगा जबकि वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पैरा एशियाई खेलों की चैम्पियन तीरंदाज शीतल देवी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार (फोटो- AP/Narendra Modi twitter)
ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में नौ जनवरी को आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर की अध्यक्षता वाली समिति ने जिन नामों की अनुशंसा की थी उसके आधार पर भारत की नंबर एक बैडमिंटन पुरूष युगल टीम चिराग और सात्विक को सर्वोच्च खेल सम्मान खेलरत्न देने का फैसला किया गया।
26 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
इसके अलावा 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जायेगा जिसमें वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले तैंतीस वर्षीय तेज गेंदबाज शमी शामिल हैं । भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शमी का नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष आग्रह किया था । इससे पहले उनका नाम देश के दूसरे सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामित किए गए खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं था।शमी ने वनडे विश्व कप में केवल सात मैच में सर्वाधिक 24 विकेट हासिल किए थे। पहले चार मैच में बाहर रहने के बाद शमी को जब मौका मिला तो उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया।
इन खिलाड़ियों को भी किया गया शामिल
शमी के अलावा 25 अन्य खिलाड़ियों को भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। इनमें भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी, पुरुष हॉकी खिलाड़ी कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, गोल्फर दीक्षा डागर, निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पहलवान अंतिम पंघाल,एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता वुशू खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी और टेबल टेनिस खिलाड़ी अयहिका मुखर्जी शामिल हैं।
