बेंगलुरू: टेस्ट क्रिकेटर सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने दलीप ट्रॉफी करियर की शुरुआत शानदार शतक के साथ की है। इंडिया ए के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने एक छोर संभाला और टीम को 94 रन पर 7 विकेट की मुश्किल स्थिति से उबारते हुए 204 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने आठवें विकेट के लिए नवदीप सैनी के साथ 187 गेंद में शतकीय साझेदारी भी की। इसमें मुशीर ने 76 और सैनी ने 25 रन का योगदान दिया। मुशीर ने अपनी शतकीय पारी में 10 चौके और 2 छक्के जड़े। पहले दिन का खेल खत्म होने पर मुशीर खान 105*(227) और नवदीप सैनी 29(74) रन बनाकर नाबाद रहे। इंडिया बी ने 7 विकेट पर 202 रन बना लिए हैं।
मुशीर खान (साभार BCCI Domestic)
118 गेंद में जड़ा अर्धशतक
19 वर्षीय मुशीर ने मैच में विकेटों की पतझड़ के बीच अपना अर्धशतक 118 गेंद में पूरा किया था। उन्होंने इसके बाद पिच पर पैर जमाए रहे और अपना धैर्य नहीं खोया और नवदीप सैनी के साथ शतकीय साझेदारी करके अपना शतक पूरा कर लिया। दिन का खेल खत्म होने तक मुशीर-सैनी के बीच 108 रन की साझेदारी हो गई है।
शानदार रहा है प्रथम श्रेणी करियर
मुशीर खान का घरेलू क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने पिछले सीजन क्वार्टर फाइनल में दोहरा शतक जड़ा। इसके बाद सेमीफाइनल में अर्धशतक और फाइनल में शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। उनका ये फॉर्म अभी भी जारी है। अंडर-19 विश्व कप में भी मुशीर ने लगातार दो मैच में शतक जड़े थे।
