U19 विश्व कप के लिए कप्तान चुने जाने के बाद, आयुष म्हात्रे ने जड़ा विदर्भ के खिलाफ आतिशी शतक

आयुष म्हात्रे की आतिशी शतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने विदर्भ को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुक्रवार को विदर्भ में खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज की। ऐसा रहा मैच का हाल।

लखनऊ: आयुष म्हात्रे की 53 गेंद में नाबाद 110 रन की पारी और शिवम दुबे (31 रन पर तीन विकेट और नाबाद 39 रन) के हरफनमौला खेल की बदौलत मुंबई ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में विदर्भ को सात विकेट से हरा दिया म्हात्रे की पारी से गत चैंपियन मुंबई ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए इकाना स्टेडियम में 193 रनों के लक्ष्य को 13 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। टीम ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर 194 रन बनाए। अठाराह वर्षीय म्हात्रे ने अपनी पहली टी20 शतकीय पारी में आठ छक्के और इतने ही चौके लगाए।

Ayush Mhatre

आयुष म्हात्रे (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

खराब रही मुंबई की शुरुआत

मुंबई को शुरुआती ओवरों में अजिंक्य रहाणे (शून्य) और हार्दिक तामोर (एक) के आउट होने से दो झटके लगे। टीम का स्कोर दो विकेट पर 21 रन हो गया। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रनों की शानदार पारी खेलकर लय में वापसी जारी रखी और म्हात्रे के साथ तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर मुंबई की पारी को संभाला। वह 12वें ओवर में यश ठाकुर की गेंद पर यश राठौड़ को कैच देकर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर आये भारतीय हरफनमौला दुबे ने 19 गेंद की नाबाद पारी में तीन छक्के और इतने ही चौके के साथ नाबाद 39 रन की पारी खेली। उन्होंने म्हात्रे के साथ केवल 35 गेंद पर 85 रन की अटूट साझेदारी कर मुंबई को बड़ी जीत दिला दी।

End of Feed