नई दिल्ली: तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को दक्षिण अफ्रीका (South Africa Cricket team) के खिलाफ शेष दो टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम (India Cricket team) में शामिल किया गया है। बीसीसीआई (BCCI) ने शुक्रवार को ट्वीट करके बताया कि सिराज भारतीय टीम में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की जगह लेंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच 2 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने तिरुवंनतपुरम में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में प्रोटियाज टीम को 8 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।
मोहम्मद सिराज
🚨 NEWS 🚨: Mohd. Siraj replaces injured Jasprit Bumrah in T20I squad. #TeamIndia | #INDvSA More Details 🔽 t.co/o1HvH9XqcI
— ANI (@ANI) Sep 30, 2022
जसप्रीत बुमराह पहले टी20 इंटरनेशनल मैच की प्लेइंग 11 में शामिल नहीं थे। बीसीसीआई ने तब जानकारी दी थी कि अभ्यास सत्र के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज को पीठ दर्द की समस्या हुई थी, जिसके कारण वह मैच से बाहर हुए। अब खबरें मिली हैं कि जसप्रीत बुमराह को चोट से उबरने में चार-पांच महीने का समय लग सकता है और वो आगामी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो सकते हैं। भारतीय टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह तगड़े झटके वाली खबर है क्योंकि बुमराह टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं।
बहरहाल, बीसीसीआई ने शुक्रवार को ट्वीट किया, 'अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए मोहम्मद सिराज को चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह शामिल किया है। बुमराह को पीठ में चोट लगी है और वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देख-रेख में हैं।'
इससे पहले ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा घुटने की सर्जरी कराने के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं। रोहित शर्मा और टीम प्रबंधन दुआ कर रहा होगा कि बुमराह चोट से जल्दी ठीक हो जाएं और विश्व कप खेले। भारतीय टीम का गेंदबाजी आक्रमण पिछले कुछ समय में अंतिम ओवरों में संघर्ष करता हुआ नजर आ रहा है और बुमराह के आने पर इसमें सुधार होता दिखा था। अब देखना दिलचस्प होगा कि टी20 वर्ल्ड कप से अगर बुमराह बाहर होते हैं तो उनकी जगह किसे शामिल किया जाएगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शेष टी20 सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, उमेश यादव, श्रेयस अय्यर, शाहबाज अहमद और उमेश यादव।
