मीरपुर: भारत (India Cricket team) के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) हाथ में चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। पीटीआई ने शनिवार को इसकी जानकारी दी है। भारत और बांग्लादेश (Bangladesh Cricket team) के बीच तीन मैचों की सीरीज का आगाज रविवार को होगा। पहला वनडे मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम पर खेला जाएगा। शमी वनडे और टेस्ट दोनों टीमों का हिस्सा थे और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने वाले थे।
मोहम्मद शमी चोट के कारण वनडे सीरीज से बाहर हुए
शमी चोट के कारण 1 दिसंबर को शेष भारतीय स्क्वाड के साथ बांग्लादेश रवाना नहीं हुए। पीटीआई को बीसीसीआई सूत्र ने अपना नाम सामने नहीं आने की शर्त पर कहा, 'ऑस्ट्रेलिया में टी20 वर्ल्ड कप के बाद ट्रेनिंग करने के दौरान शमी को हाथ में चोट लगी थी। उन्हें एनसीए में रिपोर्ट करने को कहा गया और 1 दिसंबर को वो टीम के साथ रवाना नहीं हुए हैं।' बता दें कि शमी को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीमित ओवर दौरे के लिए आराम दिया गया था।
बहरहाल, बांग्लादेश दौरे पर मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर और कुलदीप सेन के रूप में चार तेज गेंदबाज मौजूद हैं और ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि तीन मैचों की सीरीज के लिए शमी के विकल्प को नहीं भेजा जाएगा। हालांकि, शमी की चोट अगर गंभीर हुई और वो दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले सके तो किसी अन्य गेंदबाज को मौका मिल सकता है। सूत्र ने कहा, 'शमी की तीन वनडे में कमी निश्चित ही खलेगी, लेकिन बड़ी परेशानी यह है कि टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में उन्हें तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालना थी।'
भारतीय टीम इस समय मीरपुर में हैं। टीम इंडिया ने शुक्रवार को पहला अभ्यास सत्र किया। अगले साल विश्व कप के लिहाज से भारतीय टीम वनडे सीरीज से अपनी तैयारी शुरू करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 0-1 की शिकस्त सहनी पड़ी थी। अब भारत के सभी धाकड़ खिलाड़ी लौट आए हैं और ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक सीरीज की उम्मीद है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत, इशान किशन, शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर और कुलदीप सेन।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, केएस भरत, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर।
