PAK vs IND: पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान भारत के खिलाफ मैच में अर्धशतक से चूक गए। रिजवान 77 गेंद में 46 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें अक्षर पटेल ने 34वें ओवर की दूसरी गेंद पर गच्चा दिया और क्लीन बोल्ड कर दिया। रिजवान 44 रन के स्कोर पर मिले अपने जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और उसमें केवल 2 रन ही जोड़ पाए। रिजवान ने 46 रन की अपनी पारी में 3 चौके लगाए। 33वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर हर्षित राणा ने उनका कैच छोड़ दिया। सऊद शकील और रिजवान ने शतकीय साझेदारी कर पाकिस्तान को वापसी जरूर दिलाई, लेकिन जब तेज गति से रन बनाना था तो रिजवान चलते बने।
मोहम्मद रिजवान (साभार-AP)
एक वक्त पाकिस्तान की टीम 47 रन के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में था। बाबर आजम और इमाम उल हक आउट हो चुके थे, लेकिन रिजवान और सऊद शकील ने तीसरे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी की और अपनी टीम की वापसी करा दी।
रिजवान और शकील की शतकीय साझेदारी
भारत के खिलाफ इस अहम मुकाबले में रिजवान भले अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने सऊद शकील के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 146 गेंद में 104 रन की साझेदारी की।
भारत के खिलाफ रिजवान का रिकॉर्ड
इस मुकाबले से पहले भारत के खिलाफ रिजवान का रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं था। इस मैच से पहले उन्होंने 4 मैच की 3 पारी में 87 रन बनाए थे, जहां उनका सर्वाधिक स्कोर 49 रन था। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में बाबर आजम पर भी धीमी बल्लेबाजी करने का आरोप लगा था और अब रिजवान भी उसी तरह की बल्लेबाजी करके आउट हो गए।
