बुमराह के बिना टेस्ट मैच देखने की आदत डाल लें फैंस, मोहम्मद कैफ ने किया दावा

मोहम्मद कैफ ने जसप्रीत बुमराह को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। कैफ ने कहा कि आने वाले दिनों में फैंस को उनके बिना टेस्ट मैच देखने की आदत डाल लेनी चाहिए। कैफ ने इसके पीछे ठोस कारण भी दिए हैं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के बाद जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अगले क्रिकेटर हो सकते हैं क्योंकि दुनिया के नंबर एक गेंदबाज का शरीर साथ नहीं दे रहा। 31 वर्षीय बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे चौथे टेस्ट के तीसरे दिन लय में नहीं दिखे और 28 ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने जैमी स्मिथ का एकमात्र विकेट लिया। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने कैफ ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो में पोस्ट किया, ‘‘मुझे लगता है कि जसप्रीत बुमराह आगामी टेस्ट मैचों में खेलते हुए नहीं दिखेंगे और यह भी संभव है कि वह संन्यास ले लें।’’

ind vs eng, mohammad kaif

मोहम्मद कैफ (साभार-X)

उन्होंने कहा, ‘‘विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन भी संन्यास ले चुके हैं। और अब लगता है, बुमराह की बारी है। भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को शायद इसकी आदत डालनी होगी। मेरा मानना है कि अब आपको बुमराह के बिना टेस्ट मैच देखने की आदत डालनी होगी। ’’ कैफ ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है और दुआ है कि मैं गलत हूं। लेकिन इस टेस्ट में मैंने जो देखा, उससे ऐसा लग रहा है कि वह बिल्कुल भी आनंद नहीं ले रहे हैं। वह अपने शरीर से लड़ाई हार गए हैं। जोश और जुनून तो वही है, लेकिन शरीर साथ नहीं दे रहा है। और ऐसी स्थिति में आप क्या कर सकते हैं। ’’

End of Feed