ब्रिस्बेन: Mitchell Starc 300 test wickets: ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के रासी वान डर डुसैन को बेहतरीन इनस्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड करके टेस्ट क्रिकेट में बड़ा कारनामा किया है। स्टार्क ने डुसैन को अपना 300वां टेस्ट शिकार बनाया। स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 300 या ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के दूसरे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बने। इससे पहले मिचेल जॉनसन यह उपलब्धि हासिल कर पाएं हैं।
मिचेल स्टार्क
वैसे, मिचेल स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में 300 या ज्यादा विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के सातवें गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा, नाथन लियोन, डेनिस लिली, ब्रेट ली और मिचेल जॉनसन टेस्ट क्रिकेट में 300 या ज्यादा विकेट लेने का कमाल कर चुके हैं। वहीं स्टार्क टेस्ट इतिहास में 37वें गेंदबाज बने, जिन्होंने 300 या ज्यादा विकेट चटकाए हैं। स्टार्क के लिए बड़ी उपलब्धि यह है कि इन सात ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में सबसे कम ओवरों में उन्होंने ही 300 या ज्यादा विकेट लिए हैं। स्टार्क ने 2477 ओवर में 300 टेस्ट शिकार किए।
बता दें कि स्टार्क ने अपने 300वें विकेट को बेहद खास बना दिया। उन्होंने शानदार इनस्विंग गेंद पर रासी वान डर डुसैन को क्लीन बोल्ड किया, जिसका वीडियो वायरल हो गया है। स्टार्क ने फुल लेंथ की गेंद डाली, जो स्विंग होने के बाद अंदर की तरफ आई और बल्लेबाज के पास इसे रोकने को कोई जवाब नहीं था।
BOWLLLLLLLLLED! Mitch Starc grabs wicket No.300 with something out of this world! #PlayOfTheDay #AUSvSA |… t.co/dmWJaX5B61
— ANI (@ANI) Dec 18, 2022
बहरहाल, विश्व क्रिकेट में बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में स्टार्क छठें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में टॉप पर वसीम अकरम (414 विकेट) काबिज हैं। फिर श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चामिंडा वास (355), न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट (317), ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन (313) और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान (311) शामिल हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने गाबा में जारी पहले टेस्ट में अपनी पकड़ बेहद मजबूत बना रखी है। स्टार्क ने खबर लिखे जाने तक दो विकेट चटकाए हैं। उन्होंने डुसैन के अलावा केशव महाराज को अपना शिकार बनाया है।
