टी20 विश्व कप के लिए टीम में नहीं चुने जाने से निराश है ये भारतीय खिलाड़ी

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 8, 2022, 11:03 PM IST

ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कहा है कि टी20 विश्व कप 2022 के लिए भारतीय टीम में नहीं चुने जाने की उन्हें बड़ी निराशा है। लेकिन उनके अंदर अभी बहुत क्रिकेट बाकी है।

रांची: भारतीय तेज गेंदबाज-हरफनमौला शार्दुल ठाकुर को आगामी टी20 विश्व कप के लिए नहीं चुने जाने की 'बड़ी निराशा' है लेकिन मुंबई का यह खिलाड़ी आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रहा है क्योंकि उनमें अभी काफी क्रिकेट बचा है। हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में शारदुल ने भारत के लिए कुछ टी20 मैच खेले लेकिन प्रति ओवर 9.15 रन लुटाने का खामियाजा उन्हें टीम से बाहर होकर उठाना पड़ा।

Shardul-thakur-Sanju-Samson

विश्व कप के लिए मौका नहीं मिलना निराशा की बात

शार्दुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला के दूसरे मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'जाहिर है, यह बड़ी निराशा है। विश्व कप में खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। अगर मेरा चयन नहीं हुआ तो भी कोई बात नहीं। मुझ में अभी काफी क्रिकेट बचा है और अगले साल एकदिवसीय विश्व कप भी है। मुझे जिस मैच में भी मौका मिला मेरा ध्यान उस में अच्छा करने और टीम की जीत में योगदान देने पर होगा।'

दीपक चाहर की चोट ने बढ़ाई मुश्किलें

दीपक चाहर के चोटिल होने से भारत के टी20 विश्व कप अभियान को बड़ा झटका लगा है। चाहर रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे और अब ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने इस विश्व कप से बाहर होने के कगार पर है। शार्दुल ने कहा, 'चोट लगना खेल का हिस्सा है। किसी ना किसी समय खिलाड़ी चोटिल जरूर होगा। हमें इसे दिल से नहीं लेना चाहिये। अभी काफी क्रिकेट बचा हुआ है।'

अगर मिला मौका तो हूं पूरी तरह तैयार

शार्दुल से जब चाहर के बाहर होने पर उनके मौको को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'अगर किसी को चोट लगती है तो कोई भी खिलाड़ी उसकी जगह आ सकता है। आपकी जिम्मेदारी बस इतनी होती है कि जब भी आपको मौका मिले आप अपनी जिम्मेदारी निभायें। अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं मानसिक रूप से तैयार हूं।'

बल्ले से कुछ शानदार पारियां खेलने वाले इस तेज गेंदबाज ने कहा कि वह निचले क्रम की बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देना चाहते है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले एकदिवसीय में मुश्किल परिस्थितियों में संजू सैमसन के साथ 66 गेंद में 93 रन की साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी करायी थी।

End of Feed