क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ने जसप्रीत बुमराह को बताया तीनों फॉर्मेट का महानतम गेंदबाज

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में जसप्रीत बुमराह के यादगार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्हें तीनों फॉर्मेट का महानतम गेंदबाज करार दिया है।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए भारत के स्टार जसप्रीत बुमराह को सभी प्रारूपों का महानतम तेज गेंदबाज करार दिया। बुमराह ने पांच टेस्ट मैचों में 32 विकेट लिए जो किसी विदेशी तेज गेंदबाज का ऑस्ट्रेलिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

क्लार्क ने ‘ईएसपीएन’ से कहा,'श्रृंखला खत्म होने के बाद जब मैंने बुमराह के प्रदर्शन के बारे में सोचा तो मुझे लगता है कि वह तीनों प्रारूपों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज है। मैं कई महान तेज गेंदबाजों को जानता हूं जिनमें कर्टली एम्ब्रोस, ग्लेन मैक्ग्रा शामिल हैं जिन्हें टी20 क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। इसलिए मैं उनके बारे में बात नहीं कर रहा। लेकिन जो तेज गेंदबाज इन सभी प्रारूपों में खेला हो, अगर यह देखा जाये तो वह सर्वश्रेष्ठ होगा। वह किसी भी परिस्थिति में वास्तव में इतना शानदार है इसलिये यही चीज उसे महान बनाती है। कोई भी परिस्थिति हो, कोई भी प्रारूप हो, यह खिलाड़ी शानदार है।'

सिडनी बुमराह होते तो होता कुछ और नतीजा

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान का मानना था कि अगर बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में गेंदबाजी की होती तथा कुछ और रन बनाए होते तो भारत श्रृंखला के निर्णायक सिडनी टेस्ट को जीत सकता था। बुमराह को एससीजी टेस्ट के दूसरे दिन चोट लग गई थी और उन्हें तुरंत स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया था। बुमराह ने अगली सुबह गेंदबाजी नहीं क्योंकि उनकी पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव था लेकिन वह बल्लेबाजी करने आये। इसके बाद मेजबान टीम ने छह विकेट रहते 162 रन के लक्ष्य का पीछा कर श्रृंखला 3-1 से जीत ली।

SCG में 20 रन पीछे रह गया भारत

क्लार्क ने कहा,'मुझे लगता है कि भारत शायद (सिडनी में) 20 रन से पीछे रह गया। मुझे लगता है कि बुमराह की टीम के पास अगर 180 की बढ़त होती और वह गेंदबाजी करता तो भारत जीत सकता था। मुझे लगता है कि बुमराह इतना अच्छा गेंदबाज है। वह उनकी टीम में अन्य गेंदबाजों से काफी बेहतर हैं।'बुमराह ने 13.06 के औसत और 28.3 की स्ट्राइक रेट से 32 विकेट झटके। मोहम्मद सिराज 31.15 के औसत से 20 विकेट लेकर भारतीयों में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article