India Playing XI: भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद श्रेयस अय्यर ने पहले टी20 मुकाबले में जीत का खाता खोला। दूसरे मुकाबले में अय्यर की नजर बतौर कप्तान पहले टी20 सीरीज जीतने पर होगी और इसके लिए टीम परफेक्ट प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगी। दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले मयंक यादव को दूसरे मैच में आराम दिया जा सकता है। दो साल बाद टीम में वापसी करते हुए उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेकर धमाकेदार शुरुआत की थी। पहले टी20 मैच में मिली सफलता के बावजूद, दूसरे मैच में मयंक का प्लेइंग इलेवन में खेलना मुश्किल लग रहा है। उन्हें इस मुकाबले में आराम दिया जा सकता है।
मयंक यादव (साभार-X)
दूसरे मैच में ओपनिंग
सलामी जोड़ी की बात करें तो यहां कोई बदलाव की उम्मीद नहीं है और वैभव सूर्यवंशी अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करना जारी रखेंगे। 15 वर्षीय वैभव ने अपने करियर का पहला अर्धशतक जड़ा और सीरीज के पहले मैच में 19 गेंदों में 50 रन बनाए। ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आएंगे और उनके बाद श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करेंगे। तिलक वर्मा रिंकू सिंह के साथ फिनिशर की भूमिका निभाते रहेंगे। रिंकू सिंह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी की है, लेकिन उन्हें सीरीज के पहले मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।
ऑलराउंडर
शिवम दुबे टीम में इकलौते ऑलराउंडर होंगे। उन्होंने पहले मैच में चार ओवर गेंदबाजी की और 32 रन दिए। शिवम को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।
दूसरे मैच में गेंदबाजी
दूसरे मैच में मयंक यादव को आराम दिया जा सकता है। भारत को शनिवार और रविवार लगातार दो मैच खेलने हैं, इसलिए मयंक का लगातार दो दिन खेल पाने की संभावना कम है। उन्हें दूसरे या तीसरे टी20 मैच में आराम दिया जा सकता है। अगर मयंक को आराम दिया जाता है, तो यश ठाकुर को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
दूसरे टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन:-
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, मयंक यादव/यश ठाकुर, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा।
