आईपीएल 2026 के 23वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के साथ उसके घर पर भिड़ंत होने जा रही है। आरसीबी की टीम का प्रदर्शन बतौर डिफेंडिंग चैंपियन टूर्नामेंट में अच्छा रहा है। टीम ने अबतक खेले चार मैच में से तीन में जीत दर्ज की है। जबकि एक मुकाबले में उसे हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं लखनऊ को अबतक खेले चार मैच में दो में जीत मिली है जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा। अंक तालिका में आरसीबी 6 अंक के साथ तीसरे और लखनऊ 4 अंक के साथ सातवें पायदान पर काबिज है। ऐसे में लखनऊ के लिए आरसीबी के खिलाफ भिड़ंत अहम हो गई है।
मयंक यादव (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)
मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं मोहसिन और मयंक
बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले से पहले लखनऊ के खेमे से दो अच्छी खबर आई हैं। टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहसिन खान और मयंक यादव पूरी तरह फिट हो गए हैं और वो बुधवार को आरसीबी के होम ग्राउंड में टीम के लिए मैदान पर उतर सकते हैं। क्रिकबज़ की रिपोर्ट के मुताबिक लखनऊ के ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने साफ कर दिया है कि मोहसिन खान और मयंक यादव फुल फिटनेस हासिल करने के करीब हैं और वो आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में ऐसी पिच पर उतर सकते हैं जो तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती है।
आवेश खान की जगह मिलेगा मयंक यादव को मौका?
मयंक यादव और मोहसिन खान के उपलब्ध होने से एलएसजी के लिए प्लेइंग-11 के चयन की समस्या खड़ी हो जाएगी। प्रिंस यादव और मोहम्मद शमी लखनऊ की तेज गेंदबाजी की कमान संभाले हुए हैं। ऐसे में मयंक और मोहसिन की जगह प्लेइंग-11 में कैसे और कहां बनती है ये देखने वाली बात होगी। हालांकि आवेश खान वाली जगह मयंक को मिल जाएगी। मयंक यादव की रफ्तार का साथ लखनऊ की स्थिति को आरसीबी के खिलाफ बेहतर कर सकता है।
ऐसा रहा है मयंक का आईपीएल करियर
मयंक यादव आईपीएल में अबतक खेले 6 मैच में 9 विकेट चटका सके हैं। ये विकेट उन्होंने 20.55 के औसत और 9.17 की इकोनॉमी से हासिल किए हैं। 14 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। साल 2024 में धमाकेदार डेब्यू करने के बाद मंयक केवल 4 मैच लखनऊ के लिए खेल सके थे। इसके बाद पिछले सीजन वो केवल 2 मैच खेलने के बाद चोटिल होकर टीम से पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए। ऐसे में टीम लंबे समय से उनकी वापसी की रात देख रही है।
