KS Bharat Retirement: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। भरत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी फैंस को दी। उनका यह फैसला अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से ठीक पहले आया है। 32 साल के केएस भरत लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्हें आखिरी बार फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका मिला था। एक समय ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद भरत टेस्ट टीम में विकेटकीपर की पहली पसंद थे। लेकिन पंत की वापसी और ध्रुव जुरेल के शानदार प्रदर्शन के बाद भरत को टीम से बाहर होना पड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट के लिए भी उन्हें स्क्वाड में जगह नहीं मिली थी।
केएस भरत रिटायरमेंट (Instagram/konasbharat)
सोशल मीडिया पोस्ट में जताया आभार
संन्यास का एलान करते हुए केएस भरत ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं।" उन्होंने पोस्ट की शुरुआत 'थैंक्यू बीसीसीआई' से की। भरत ने आगे लिखा, "भारत के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे गर्व का पल रहा है। इस सफर में काफी धैर्य और संघर्ष करना पड़ा, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सबसे अनमोल है।" भरत ने अपने संन्यास पोस्ट में परिवार का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "हम चार लोगों के परिवार ने पिछले दो दशक से एक ही सपना देखा है। मेरी बहन, मां और पिता का शुक्रिया, जिन्होंने मुझे हमेशा सपोर्ट किया और अच्छा माहौल दिया। मैं आज जो कुछ भी हूं, उनके प्यार, अनुशासन और मेहनत की वजह से हूं।"
ऐसा रहा केएस भरत का अंतरराष्ट्रीय करियर
केएस भरत को टीम इंडिया के लिए सिर्फ टेस्ट फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला। उन्होंने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले। इन 7 मैचों की 12 पारियों में उन्होंने 20.09 की औसत से 221 रन बनाए। टेस्ट में उनका सर्वोच्च स्कोर 44 रन रहा। भरत ने विकेट के पीछे 6 कैच और 2 स्टंपिंग भी की। भले ही भरत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 113 फर्स्ट क्लास मैचों की 180 पारियों में 61.32 की औसत से 6102 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 11 शतक और 34 अर्धशतक निकले। रणजी ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के लिए खेलते हुए भरत ने 2015 में गोवा के खिलाफ तिहरा शतक भी लगाया था। वह रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।केएस भरत ने भले ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन वह घरेलू क्रिकेट और IPL खेलते रहेंगे।
