TATA IPL 2023, Kolkata Knight Riders captaincy : आईपीएल का रोमांच एक बार फिर शुरू हो चुका है। लीग के दूसरे ही दिन डबल हेडर मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले के पहले मैच में दो बार की चैम्पियन कोलकाता नाइटराइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से हुआ। इस मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम दूसरे युवा नए कप्तान नीतिश राणा की कप्तानी में उतरी। वे आईपीएल में पहली बार कप्तानी करने उतरे हैं और केकेआर के सातवें कप्तान बने गए। उन्होंने अपने पहले कप्तानी में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।
नीतिश राणा और शिखर धवन। (फोटो - कोलकाता नाइटराइडर्स के ट्विटर से)
नीतिश केकेआर के सातवें कप्तान
दिल्ली के नीतिश राणा केकेआर टीम के सातवें कप्तान हैं। इससे पहले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, गौतम गंभीर, दिनेश कार्तिक, इयोन मोर्गन, ब्रेंडन मैकुलम और नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर थे। श्रेयर अय्यर मौजूदा आईपीएल के शुरुआती कुछ मैच में मौजूद नहीं रहेंगे, क्योंकि वे पिछले कुछ दिनों से पीठ दर्द से परेशान चल रहे हैं।
गंभीर ने सबसे ज्यादा मैचों में की कप्तानी
भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने सबसे ज्यादा मैच खेलने उतरी है। गंभीर ने कुल 108 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 61 मैचों में जीत मिली और 46 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद दिनेश कार्तिक का नंबर आता है। उनकी कप्तानी में टीम 37 मैचों में उतरी है। इस दौरान टीम को 19 मैचों में जीत और 18 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद तीसरे नंबर पर सौरव गांगुली का नंबर आता है। वे 27 मैचों में टीम की कमान संभाल चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम को 13 मैचों में जीत और 14 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इयोन मोर्गन ने 24 मैच में कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में टीम को 12 मैचों में जीत और इतने ही मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, ब्रेंडन मैकुलम ने सबसे कम मैचों में कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में कुल 13 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम को सिर्फ तीन मैचों में जीत मिली है, जबकि 10 में हार का सामना करना पड़ा था।
टीम के नियमित कप्तान हैं श्रेयस
कोलकाता नाइटराइडर्स के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। वे आईपीएल के 16वें सीजन के शुरुआती मैचों में टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। वे पिछले कुछ दिनों से पीठ दर्द से जूझ रहे हैं। उनका इलाज चल रहा है। श्रेयस ठीक होने के बाद टीम से जुड़ेंगे। उनकी कप्तानी में टीम 14 मैच खेलने उतरी है। इसमें से 6 में जीत मिली है और 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।
