IPL 2026: साल 2024 में चैपियंन बनने के अगले सीजन यानी IPL 2025 में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) की टीम आठवें स्थान पर खिसक गई थी। यह कोलकाता के लिए बड़ा झटका रहा। इसके बाद उसने अपने 12 प्लेयर्स को रिटेन किया और 10 को रिलीज कर दिया। तीन बार की चैंपियन टीम ने बीते ऑक्शन में 64.30 करोड़ के बड़े पर्स के साथ कुछ अहम खिलाड़ियों को खरीदा और अब ये टीम एक बार फिर अपनी पुराना रुतबा हासिल करने को तैयार है।
केकेआर के पास कीवी पावर। फोटो- KKR
पहले ऑक्शन में मारी बाजी
फ्रेंचाइजी ने मिनी ऑक्शन में न्यूजीलैंड के दो ओपनर्स फिन एलन और टिम साइफर्ट को महज 2 और 1.50 करोड़ की राशि में अपने साथ जोड़ लिया। हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में इस कीवी जोड़ी ने जैसा धाकड़ प्रदर्शन किया है उसके बाद से माना जा रहा है कि केकेआर ने मिनी ऑक्शन में सबसे बड़ी बाजी मारी।
एलन और साइफर्ट विस्फोटक ओपनर्स हैं। इसका नमूना इस वर्ल्ड कप में उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस जोड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप में पहले विकेट के लिए 175 रन की दूसरी सबसे बड़ी पार्टनशिप की। इतना ही नहीं, इस दोनों ने पिछले टी20 वर्ल्ड कप मिलकर 463 रन जोड़े, जो कि कोई दूसरी जोड़ी नहीं कर सकी। अब इस जोड़ी से नाइटराइडर्स को भी धमाके की उम्मीद होगी।
एलन और साइफर्ट का कमाल
फिन एलन और साइफर्ट की जोड़ी ने 10.93 प्रति ओवर रन बनाए। यह टी20 वर्ल्ड कप में हाईएस्ट पार्टनरशिप रेट रहा। वहीं, फिन एलन ने सेमीफाइनल में महज 33 गेंद पर शतक जड़ा था, जो टी20 वर्ल्ड कप का सबसे तेज शतक रहा।
मिस्ट्री स्पिन की जोड़ी भी टीम में
कोलकाता नाइटराइजर्स की बड़ी ताकत स्पिन अटैक है। वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन के रूप में दो मिस्ट्री स्पिनर्स मौजूद हैं। दोनों किसी भी विपक्षी टीम का सिरदर्द बन सकते हैं। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को केकेआर ने 18 करोड़ रुपये में खरीदा है। मुस्ताफिजुर रहमान की जगह जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया गया है। छह फीट आठ इंच लंबे ब्लेसिंग के लिए IPL का यह पहला अनुभव होगा। अगर वह माहौल में जल्दी ढल गए तो यह नाइटराइडर्स के लिए बोनस साबित होगा।
