नई दिल्ली: कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी करते हुए घायल होने वाले कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट से पहले ही बाहर हो चुके हैं। ऐसे में अब संभावना जताई जा रही है कि वो 30 नवंबर से शुरू होने जा रही वनडे सीरीज का हिस्सा भी नहीं होंगे। ऐसे में चयनकर्ता सीरीज में टीम के कप्तान को लेकर गंभीरता से चर्चा कर रहे हैं।टीम के नए उपकप्तान श्रेयस अय्यर के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद अबतक पूरी तरह फिट नहीं हो पाने की वजह से यह समस्या चयनकर्ताओं के सामने खड़ी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गुवाहाटी में कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत और केएल राहुल के नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। अक्षर पटेल का नाम भी चर्चा में शामिल हैं।
ऋषभ पंत और केएल राहुल
गिल को मिला है आराम करने की सलाह
शुभमन गिल ने गुवाहाटी टेस्ट से बाहर होने के बाद मुंबई में अपने गले की चोट को लेकर विशेषज्ञों से सलाह ली है। जांच के बाद विशेषज्ञों ने शुभमन गिल को आराम करने की सलाह दी है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। हालांकि, बोर्ड को उम्मीद है कि गिल 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैच की टी20आई सीरीज के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। ऋषभ पंत को वनडे टीम में शामिल करने की संभावना इसलिए भी अधिक है क्योंकि मौजूदा टीम में दाहिने हाथ के बल्लेबाज अधिक है। ऐसे में तिलक वर्मा को भी वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है। दोनों चौथे पायदान पर बल्लेबाजी के लिए दावेदार होंगे।
ऐसा है वनडे सीरीज का कार्यक्रम
वनडे श्रृंखला 30 नवंबर को रांची में शुरू होगी। इसके बाद 3 दिसंबर को रायपुर और 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में दूसरा और तीसरा वनडे खेला जाएगा। अनुभवी रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे टीम में शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में राहुल या पंत में कोई भी खिलाड़ी वनडे सीरीज में टीम की कमान संभालेगा उसे इन दो पूर्व कप्तानों का साथ निश्चित तौर पर मिलेगा।
केएल राहुल का पलड़ा है भारी
केएल राहुल पंत के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद से लगातार वनडे टीम के सदस्य रहे हैं। उन्होंने 2023 के विश्व कप में टीम विकेटकीपर की भूमिका अदा की थी। राहुल भारत की वनडे टीम कमान पहले भी संभाल चुके हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 12 मैच में से 8 में जीत दर्ज की है और 4 में टीम को हार का सामना करना पड़ा। वनडे कप्तान के रूप में राहुल का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। उन्होंने 12 मैच में 33.55 के औसत और 82.28 के स्ट्राइक रेट से 302 रन चौर अर्धशतक की मदद से बनाए हैं। जनवरी 2022 में केएल राहुल की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम को तीन मैच की सीरीज में 0-3 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अगर राहुल को वनडे सीरीज के लिए टीम की कप्तानी मिलती है तो उनके पास उस हार का हिसाब चुकता करने का भी शानदार मौका है। टीम इंडिया का वनडे सीरीज के लिए ऐलान फिलहाल नहीं हुआ है।
