चट्टोग्राम: भारत (India Cricket team) के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) ने कहा कि टीम को उम्मीद है कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अंगूठे की चोट से जल्द ठीक होंगे और बांग्लादेश (Bangladesh Cricket team) के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वापसी करेंगे।
केएल राहुल
रोहित शर्मा को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में फील्डिंग करते समय अंगूठे म चोट लगी थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन पर ध्यान दिया और स्थानीय अस्पताल में स्कैन के लिए ले गए। रोहित शर्मा समय पर लौटे और 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करके सीरीज बराबर करने का प्रयास किया।
रोहित शर्मा ने शनदार पारी खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। भारतीय टीम को बांग्लादेश के हाथों सीरीज में शिकस्त मिली। इसके बाद रोहित शर्मा मुंबई रवाना हुए और विशेषज्ञ की सलाह ली, जिसके कारण वो तीसरे वनडे से बाहर हुए। भारत ने तीसरा वनडे जीतकर क्लीन स्वीप होने से खुद को बचाया। बीसीसीआई ने रविवार को जानकारी दी कि रोहित शर्मा को अंगूठे की चोट के लिए पर्याप्त प्रबंधन की सलाह दी गई है और वो पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने साथ ही बताया कि दूसरे टेस्ट में रोहित शर्मा की उपलब्धता की जानकारी मेडिकल टीम बाद में देगी। केएल राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'रोहित शर्मा हमारे लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वो अनुभवी हैं और हमारी टीम के कप्तान हैं। उम्मीद कर रहे हैं कि वो जल्द ठीक हो और दूसरे टेस्ट में वापसी करें।'
भारत और बांग्लादेश के बीच 14 दिसंबर से पहला टेस्ट चट्टोग्राम में खेला जाएगा। इसके बाद 22 दिसंबर से दूसरा टेस्ट मीरपुर में खेला जाएगा। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी।
