टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी घातक गेंजबाजी से कोहराम मचा दिया। मैच के दूसरे दिन के पहले सत्र में बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स, शतकवीर जो रूट और क्रिस वोक्स के शिकार करके मेजबान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इंग्लैंड की टीम 4 विकेट पर 260 रन से 7 विकेट पर 271 रन पर आ गई। इस दौरान विकेटों का चौका पूरा करते हुए बुमराह ने SENA देशों में सबसे सफल एशियाई गेंदबाज के रूप में दर्ज करा लिया। खबर लिखे जाने तक बुमराह 24 ओवर में 63 रन देकर 4 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
जसप्रीत बुमराह (फोटो क्रेडिट AP)
16वीं बार जड़ा विकेटों का चौका
जसप्रीत बुमराह ने सेना देशो में सबसे ज्यादा बार पारी में चार या उससे ज्यादा विकेट चटकाने का एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। बुमराह ने सेना देशों में 62वीं पारी में ये मुकाम हासिल किया। बुमराह ने इस मामले में टेस्ट इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन और वसीम अकरम को पीछे छोड़ा।
मुरलीधरन और अकरम छूटे पीछे
मुथैया मुरलीधरन अपने टेस्ट करियर में SENA देशों में 34 पारियों मं 15 बार 4 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए थे। वहीं पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने SENA देशों में 55 पारी में गेंदबाजी करते हुए 15 बार 4 या उससे ज्यादा विकेट पारी में झटके थे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 450 विकेट
जसप्रीत बुमराह ने बेन स्टोक्स को बोल्ड करके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 450 विकेट पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले नौवें भारतीय हैं। बुमराह से पहले अनिल कुंबले(956), रविचंद्रन अश्विन(765), हरभजन सिंह(711), कपिल देव(687), रवींद्र जडेजा (611), जहीर खान (610), जवागल श्रीनाथ (551), मोहम्मद शमी (462) इस मुकाम पर पहुंच चुके हैं।
