जेम्स एंडरसन: स्विंग का वो जादूगर, जिसने दिखाया लाल गेंद से कैसे होता है जादू

  • Authored by: Rohit Ojha
  • Updated Jul 12, 2024, 10:04 PM IST

James Anderson Retirement: जेम्स एंडरसन ने नम आंखों के साथ अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कह दिया। उन्होंने अपनी यात्रा को वहीं विराम दिया जहां वह पहली बार लाल गेंद लेकर मैदान में उतरे थे। एंडरसन की कमी केवल इंग्लैंड को नहीं बल्कि क्रिकेट के हर चाहने वाले को खलेगी।

KEY HIGHLIGHTS
  • जेम्स एंडरसन का आखिरी टेस्ट
  • 704 विकेट के साथ लगा करियर पर विराम
  • जाते-जाते भावुक हो गए जिमी

James Anderson Retirement: साल 2003 और लॉर्ड्स। वही लॉर्ड्स का मैदान जहां इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान नासिर हुसैन ने 20 साल के एक नए लड़के को पहली बार मौका दिया था। लड़का लंकाशायर क्रिकेट क्लब से खेलता था और घरेलू सर्किट में लाल गेंद से अपनी गेंदबाजी का जौहर दिखा चुका था। लेकिन असली टेस्ट देने की बारी अब थी। लड़का मैदान पर उतरा और अपने पहले ही टेस्ट ओवर में 17 रन लुटा बैठा। लेकिन जब मैच खत्म हुआ, तो उसके नाम के सामने लुटाए गए तमाम रनों के साथ अंकित थे पांच विकेट। पहले ही टेस्ट में पांच विकेट यानी पूत के पांव पालने में ही दिख गए थे। अब इस घटना को करीब 21 बरस बीत गए।

Cricket News Hindi, khel samachar, sports news hindi (106)

जेम्स एंडरसन का आखिरी टेस्ट (साभार-AP)

लड़का, जो दिग्गजों की फेहरिस्त में शुमार है और उसी लॉर्ड्स के मैदान से इंग्लैंड की सफेद जर्सी में एक हाथ हवा में लहराते हुए आखिरी बार बाहर निकल गया, जहां उसने पहली बार टेस्ट विकेट का स्वाद चखा था। जहां उसके पहले ही ओवर में ताबड़तोड़ रन पड़ गए थे और जहां उसने पहली बार पांच विकेट लेकर लाल गेंद को हवा में लहराया था। खचाखच भरा लॉर्ड्स, आज उसकी विदाई पर उदास और भावुक था और जेम्स एंडरसन हवा में लहराते अपने दाहिने हाथ में कैप लिए आखिरी बार मैदान से बाहर निकल गए। हजारों लोग आखिरी बार जिमी की गेंदबाजी का जादू देखने के लिए आए थे और उन्हें विदाई देने भी।

End of Feed