ईशान किशन डबल सेंचुरी जड़कर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में 131 गेंदों में 210 रन की यादगार पारी खेली। उन्होंने 24 चौके और 10 दमदार छक्के जड़े। ईशान को कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण चट्टोग्राम वनडे में उतरने का मौका मिला था, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने वनडे में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बना डाला। ईशान जब ऐतिहासिक पारी खेल रहे थे तो विराट कोहली उनके साथ पिच पर मौजूद थे।
'भैया वरना मैं उड़ा दूंगा'
ईशान ने अपनी पारी के दौरान कोहली के साथ हुई दिलचस्प बातचीत का खुलासा किया है। उन्होंने मजाकिया में अंदाज में बताया कि जब वह तूफानी बल्लेबाजी कर रहे थे तो कोहली ने घबराकर कहा कि कहीं बल्ला उनके ना लग जाए। ईशान ने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा, 'मैं जब 197 पर था, मुझे लग रहा था कि मुस्तफिजुर एक स्लोअर डालेगा तो मैं आगे बढ़कर छक्का मार दूंगा। मुझे इस सीरीज के एक मैच में मौका मिला था और मैं यह अवसर खोना नहीं चाहता था। ऐसे में उन्हें बोला कि भैया प्लीज मेरे को बोलते रहना कि सिंगल ले, सिंगल ले वरना मैं उड़ा दूंगा।'जब पिच पर 'घबराए' कोहली
ईशान ने जब 200 का आंकड़ा छुआ तो उन्होंने उत्साह में बल्ला घुमाया जो कोहली के पास से होकर गुजरा। किशन ने खुलासा किया कि उन्हें पता नहीं था कि उनके आसपास क्या हो रहा है क्योंकि वह काफी पुरजोश थे। ईशान ने कहा, 'भैया मुझे याद दिला रहे थे कि सिंगल लेना है। लेकिन फिर खुशी में मैंने देखा ही नहीं कि कौन कहां है? विराट भाई पीछे थे तो उन्होंने बोला कि बल्ला मुझे ना मार दे।'गौरतलब है कि ईशान ने दोहरा शतक जमाया जबकि कोहली ने शतकीय पारी खेली। कोहली ने 91 गेंदों में 11 चौकों और 2 छक्कों के दम पर 113 रन बनाए। भारत ने तीसरा वनडे 227 रन से जीता। हालांकि, बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
