IND vs IRE: आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान बेलफास्ट में इतिहास रच दिया। दो मैचों की सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने वर्ल्ड चैंपियन भारत को 34 रन से हराकर किसी भी फॉर्मेट में टीम इंडिया के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक पल का जश्न सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। आयरलैंड की महिला क्रिकेट टीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें खिलाड़ी इस जीत को खास अंदाज में सेलिब्रेट करती दिख रही हैं।
आयरलैंड ने भारत को हराया (cricket_ireland)
आयरलैंड की महिला टीम ने मनाया जीत का जश्न
वीडियो में महिला टीम एक हॉल में बड़ी स्क्रीन पर मैच देख रही है। जैसे ही भारतीय पारी के आखिरी विकेट के रूप में अर्शदीप सिंह का कैच टिम टकर लपकते हैं, वैसे ही पूरा हॉल तालियों और चीयर की आवाज से गूंज उठता है। सभी महिला खिलाड़ी खुशी से उछल पड़ती हैं, हाथ ऊपर उठाकर चिल्लाती हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर जीत का जश्न मनाती हैं। उनकी आंखों में जीत की खुशी और गर्व साफ देखा जा सकता है। यह नजारा बताता है कि यह जीत आयरलैंड क्रिकेट के लिए कितनी बड़ी है। देखें वीडियो-
टी20 रैंकिंग में 11वें नंबर पर है आयरलैंड
यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि आईसीसी टी20 रैंकिंग में आयरलैंड 11वें नंबर पर है, जबकि भारत पहले पायदान पर काबिज है। भारत ने इसी साल टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया था। वर्ल्ड चैंपियन टीम को हराना आयरलैंड जैसी टीम के लिए सपने के सच होने जैसा है। मैच में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 182 रन बनाए थे। जवाब में मजबूत भारतीय बल्लेबाजी 148 रन पर ढेर हो गई। पुरुष टीम की इस जीत ने पूरे आयरिश क्रिकेट को जश्न में डुबो दिया है। दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त के साथ आयरलैंड की टीम अब अगले मैच में इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी।
