श्रीनगर: कप्तान ऋषभ पंत ने जल्दबाजी का खामियाजा भुगता जबकि अच्छी लय में दिख रहे सरफराज खान ने ढीला शॉट खेला जिससे गुरुवार को ईरानी कप के पहले दिन शेष भारत को जम्मू-कश्मीर ने जुझारू आक्रमण की बदौलत 237 रन पर समेट दिया। जम्मू-कश्मीर की टीम अपने प्रमुख गेंदबाज आकिब नबी के बगैर उतरी थी। उसके लिए मध्यम गति के गेंदबाज उमर नजीर मीर (65 रन देकर दो विकेट), सुनील कुमार (36 रन देकर तीन विकेट) और लोन नासिर (59 रन देकर तीन विकेट) ने विकेट झटके जबकि स्पिनर आबिद मुश्ताक और साहिल लोटरा को एक-एक विकेट मिला।
जम्मू-कश्मीर बनाम शेष भारत (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic)
जम्मू-कश्मीर ने सस्ते में गंवाए 2 विकेट
दिन का खेल खत्म होने तक वापसी कर रहे आकाश दीप ने तेज बाउंसर से नाइट-वॉचमैन नजीर (04) को आउट किया। इससे जम्मू-कश्मीर 21 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में थी। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने सलामी बल्लेबाज शुभम पुंडीर (01) को आउट किया था।
शिखर मोहन और रविचंद्रन स्मरण ने जड़े अर्धशतक
शेष भारत के लिए झारखंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर मोहन (60) ने अर्धशतक लगाया जबकि रविचंद्रन स्मरण (68 रन) भी प्रभावशाली दिखे लेकिन इन पारियों को तीन अंकों के स्कोर में नहीं बदल सके। लेकिन दिन की दो सबसे बड़ी निराशाओं में शेष भारत के कप्तान पंत (36 गेंद में 10 रन) और उपकप्तान सरफराज (97 गेंद में 45 रन) रहे जिन्हें शुरुआती विकेट गिरने के बाद पारी को संभालना चाहिए था। सरफराज ने मोहन के साथ 76 रन की साझेदारी जरूर की। वह धीरे-धीरे अपनी पारी बनाने के मूड में दिखे और उन्होंने पांच चौके लगाए। हालांकि, जैसे ही अर्धशतक के करीब पहुंचे, विकेट गंवा बैठे। जहां तक पंत का सवाल है। उन्होंने शुरुआत में सतर्कता बरती और 35 गेंदों पर 10 रन बनाकर खेल रहे थे, तभी संयम खो बैठे और आसान कैच देकर आउट हुए।
स्मरण के नहीं मिला दूसरे छोर पर साझेदार
मध्यक्रम में स्मरण ने कुछ बेहतरीन शॉट्स के साथ अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई लेकिन दूसरे छोर पर उनके साझेदार खत्म हो गए। केवल आकाश दीप (22) और मुकेश चौधरी (02) ने उनका साथ दिया जिन्होंने क्रमशः आठवें और नौवें विकेट के लिए 39 और 43 रन की साझेदारियां कीं। अंततः स्मरण भी बड़ा ड्राइव खेलने की कोशिश में आउट हो गए।
(भाषा)
