आईपीएल में आज मुंबई और कोलकाता की टीम आमने-सामने होगी। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में मुंबई इंडियन्स का सबकुछ दांव पर लगा है। मुंबई इंडियन्स अगर आज कोलकाता के खिलाफ मैच गंवा देती है तो वो आधिकारिक तौर पर लीग दौर में टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं कोलकाता के पास इस मुकाबले में जीत दर्ज करके अंक तालिका में दूसरे पायदान पर अपनी स्थिति को और मजबूत करने का मौका है। उसके खाते में 9 मैच में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंक है। जीत उसे 14 अंक के साथ प्लेऑफ दौर के और करीब पहुंचा देगी। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला बेहद अहम होने जा रहा है।
मुंबई इंडियन्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स(साभार Mumbai Indians)
मुंबई के लिए है करो या मरो का मुकाबला
मुंबई इंडियन्स की टीम 10 मैच में 3 जीत और 7 हार के साथ अंक तालिका में नौवें पायदान पर है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम का अबतक का प्रदर्शन फीका रहा है। सूर्यकुमार यादव की नाकामी के साथ टीम भी नाकाम हो रही है। रोहित शर्मा शुरुआत में रन बना रहे हैं लेकिन मिडल ऑर्डर में तिलक वर्मा के अलावा और कोई बल्लेबाज नियमित तौर पर रन नहीं बना पा रहा है इसी बात का खामियाजा टीम को अबतक भुगतना पड़ा है। टीम एकजुट होकर क्लिक नहीं कर सकी है। शुक्रवार का मुकाबला उसके लिए करो या मरो का है। घरेलू मैदान पर सूर्यकुमार यादव का बल्ला चलता है ऐसे में उनसे बल्ले से धमाल मचाने की आस है। जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी में कहर बरपा रहे हैं लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अबतक किसी और गेंदबाज का साथ नहीं मिला है। ऐसे में गेंदबाजी में भी टीम को कुछ बदलाव करने होंगे। दोनों की मौजूदा सीजन में पहली बार भिड़ंत हो रही है। एक दिन के अंतराल के बाद दोनों का फिर से आमना सामना होगा। ऐसे में इस मैच में जो टीम जीत दर्ज करेगी उसके पास अगले मैच के लिए भी मोमेंटम होगा।
आंकड़ों में मुंबई का पलड़ा है भारी
मुंबई और कोलकाता के बीच आईपीएल में अगर भिड़ंत की बात करें तो दोनों के बीच अबतक कुल 32 बार भिड़ंत हुई है। जिसमें से केकेआर ने केवल 9 बार जीत हासिल की है जबकि 23 मुकाबले मुंबई के नाम रहे हैं। कोलकाता की टीम पिछले 12 साल से वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई को मात नहीं दे पाई है। भले ही मुंबई की टीम इस बार अपने रंग में नजर नहीं आई है लेकिन केकेआर के लिए उसे मात देना आसान नहीं होगा।
मुंबई इंडियंस की टीम:
हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका , मोहम्मद नबी, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), केएस भरत, रहमानुल्लाह गुरबाज, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, शेरफेन रदरफोर्ड, मनीष पांडे, आंद्रे रसेल, नितीश राणा, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा, चेतन सकारिया, हर्षित राणा, सुयश शर्मा, मिशेल स्टार्क, दुष्मंता चमीरा, साकि हुसैन और मुजीब उर रहमान।
