मुंबई: टी20 क्रिकेट के बादशाह कहे जाने वाले सूर्यकुमार यादव की आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियन्स के लिए वापसी बेहद निराशाजनक रही। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और इशान किशन ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7 ओवर में 80 रन जोड़े। सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा 27 गेंद में 49 रन की आतिशी पारी खेलकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव उतरे।
नॉर्खिया की गेंद पर लपके गए सूर्या, नहीं खोल पाए खाता
सूर्यकुमार को वापसी के लिए शानदार स्टेज मिला था। वो मैदान पर आए और एनरिक नॉर्खिया का उनसे सामना हुआ। पहली गेंद पर सूर्या कोई रन नहीं ले सके लेकिन दूसरी गेंद पर वो मिड ऑन की दिशा में छक्का जड़ने की कोशिश में लपके गए। दूसरी गेंद पर ही उनकी पारी का अंत हो गया और सूर्या खाता खोले बगैर पवेलियन वापस लौट गए।
प्रशंसक हुए सूर्या की पारी से निराश
सूर्या का इंतजार क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से था। पिछले तीन मैच में से तीन में हार के बाद मुंबई को अपने स्टार खिलाड़ी का इंतजार था। रविवार को वो इंतजार खत्म तो हुआ लेकिन स्काई के गगनचुंबी छक्के देखने की लालसा पूरी नहीं हो सकी। सूर्या का रिकॉर्ड आईपीएल में शानदार रहा है साल 2018 के बाद से अबतक सूर्या आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज है। इसलिए ये बात तो तय है कि उनके बल्ले की खामोशी ज्यादा दिन नहीं रहेगी।
