IPL 2024, DC (Delhi Capitals) vs MI (Mumbai Indians) Pitch Report And Delhi Weather Forecast Today: आज आईपीएल 2024 में दोपहर 3.30 बजे से बड़ा मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। ये मैच दिल्ली कैपिटल्स के घर यानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये दूसरे चरण का मैच है। इससे पहले इनके बीच एक मैच (पहला लेग) हो चुका है जहां मुंबई इंडियंस ने बाजी मार ली थी। अब दिल्ली की टीम अपने घर में आज हिसाब बराबर करना चाहेगी। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की कमान ऋषभ पंत के हाथों में होगी, जबकि मुंबई इंडियंस की अगुवाई हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स-मुंबई इंडियंस पिच रिपोर्ट
आईपीएल इतिहास में इन दोनों टीमों के आमने-सामने के आंकड़ों की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच पिछले सोलह सालों में 34 मैच खेले जा चुके हैं। इन मैचों में 19 बार मुंबई इंडियंस को जीत मिली है, जबकि 15 बार दिल्ली की टीम ने मुकाबला अपने नाम करने में सफलता हासिल की है। दिल्ली के मैदान पर इन दोनों टीमों के बीच हुए दस मैचों में छह बार मेजबान दिल्ली कैपिटल्स विजयी रही और चार मैचों में मुंबई की टीम ने जीत दर्ज की। आज जब ये दोनों टीमें 35वीं बार टकराएंगी तो उनकी नजरें अंक तालिका पर भी रहेंगी जहां चार जीत के बाद दिल्ली की टीम छठे स्थान पर है और मुंबई की टीम सिर्फ तीन मैचों में जीत के साथ अब भी नौवें पायदान पर संघर्ष कर रही है। अब जानते हैं कि आज जब इन दोनों टीमों की भिड़ंत होगी तो कैसी होगी पिच और आज कैसा है दिल्ली के मौसम का हाल।
दिल्ली कैपिटल्स-मुंबई इंडियंस मैच की पिच रिपोर्ट (DC vs MI Pitch Report)
मेजबान दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आज का मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर होने जा रहा है। इस मैदान का विकेट बल्लेबाजों के लिए लगातार फायदेमंद साबित हुआ है। अब तक मौजूदा सीजन में यहां जो भी मैच खेले गए हैं उनमें अधिकतर सभी पारियों में टीम का स्कोर 160 रनों के पार रहा है। यहां का औसत स्कोर 165 रन है और इसी साल सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली के खिलाफ मैच में यहां 7 विकेट खोकर रिकॉर्ड 266 रनों का स्कोर खड़ा किया था जो इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर और आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर साबित हुआ। लक्ष्य का पीछा करने के मामले में भी यहां की पिच बल्लेबाजों के पक्ष में रहती आई है। बॉलर्स की बात करें तो तेज गेंदबाजों को शुरुआत और डेथ ओवर्स में यहां कुछ सफलताएं मिलना तय हैं जबकि अहम विकेट स्पिनर्स झटकते नजर आएंगे।
आज कैसा है दिल्ली का मौसम? (Delhi Weather Today)
देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी बढ़ती जा रही है और दो दिन पहले यहां हुई थोड़ी बारिश से मौसम में कोई राहत मिलती नहीं दिखी है। ताजा अनुमान की मानें तो आज भी दिल्ली में बारिश हो सकती है। दिन में धूप के साथ धुंध छाई हुई है और शाम को बारिश के आसार हैं। उमस यहां इतनी नहीं होगी लेकिन गर्मी खिलाड़ियों के पसीने जरूर छुड़ाएगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने का अनुमान है।
दिल्ली और मुंबई की टीमें (DC and MI Squads)
दिल्ली कैपिटल्स टीम: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), डेविड वॉर्नर (आज उपलब्ध नहीं), पृथ्वी साव, यश ढुल, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, ललित यादव, मिशेल मार्श, प्रवीण दुबे, विक्की ओस्टवाल, एनरिक नोर्किया, कुलदीप यादव, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, खलील अहमद, इशांत शर्मा (आज उपलब्ध नहीं), रसिख डार, झाय रिचर्डसन, सुमित कुमार, स्वास्तिक चिकारा, शाई होप, मुकेश कुमार, ट्रिस्टन स्टब्स, रिकी भुई और कुमार कुशाग्र।
मुंबई इंडियंस टीम: हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टिम डेविड, श्रेयस गोपाल, ईशान किशन (विकेटकीपर), अंशुल कंबोज, शम्स मुलानी, नमन धीर, शिवालिक शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा, तिलक वर्मा, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, ल्यूक वुड, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, क्वेना मफाका और मोहम्मद नबी।
