जयपुर: गुजरात जायंट्स के लिए खेल रहे अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने शुक्रवार को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में मेजबान राजस्थान के बल्लेबाजों के खिलाफ धमाल मचा दिया। अपनी करिश्माई स्पिन गेंदबाजी के बल पर राशिद ने 4 ओवर में महज 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। राशिद की कसी हुई गेंदबाजी के सामने राजस्थान के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके।
राशिद खान(साभार IPL/BCCI)
तोड़ी राजस्थान के मध्यक्रम की रीढ़
राशिद ने रविचंद्रन अश्विन, रेयान पराग और शेमरॉन हेटमायर को अपना शिकार बनाया और राजस्थान की रीढ़ तोड़ दी। राजस्थान की शुरुआत गुजरात के खिलाफ खराब रही थी। ऐसे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राजस्थान के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों के कंधों पर आ गई थी लेकिन राशिद ने उसे भी तहस नहस करके मेजबान टीम के अरमानों पर पानी फेर दिया। राजस्थान की टीम 17.5 ओवर में 118 रन बनाकर ढेर हो गई।
विकेटों की रेस में साझा रूप से नंबर वन
राशिद खान ने इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के बल पर पर्पल कैप की रेस में साझा रूप से पहले पायदान पर आ गए हैं। मोहम्मद शमी और राशिद खान दोनों के नाम 18-18 विकेट 10 मैच में हो गए हैं। राशिद ने 18 विकेट 17.88 के औसत और 13.33 के स्ट्राइकरेट के साथ लिए हैं। सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 14 रन देकर 3 विकेट रहा जो उन्होंने इस मैच में किया है।
