IPL 2023 Final, MS Dhoni stumping video: चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी आज बेशक अपने घुटने की चोट से जूझते हुए भी खेल रहे हैं और 41 साल की उम्र में आज भी वही फुर्ती और जोश देखना काबिलेतारीफ है। अपना 250वां आईपीएल मैच खेलकर रिकॉर्ड बनाने वाले धोनी ने आज मैच के शुरुआत में ही एक और कमाल कर दिया। गुजरात की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले शुभमन गिल एक बार फिर शानदार खेलते हुए अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी विकेट के पीछे से धोनी ने उनको चौंका डाला।
एम एस धोनी की शानदार स्टंपिंग (BCCI/IPL)
मामला गुजरात टाइटंस की पारी के 7वें ओवर का है। इस ओवर की अंतिम गेंद पर रविन्द्र जडेजा ने एक चकमा देने वाली गेंद फेंकी जिसे खेलने के लिए शुभमन गिल थोड़ा सा आगे बढ़े और गेंद सीधे कीपर धोनी के हाथों में जा गिरी। इससे पहले कि गिल कुछ समझ पाते या वापस आने का प्रयास करते, धोनी ने बिजली की रफ्तार से गिल्लियां बिखेर दीं और गिल को स्टंप आउट कर दिया।
देखिए धोनी की उस स्टंपिंग का वीडियो
महेंद्र सिंह धोनी के इस कमाल की वजह से पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले शुभमन गिल इस बार 20 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि गुजरात टाइटंस के बाकी बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
रिद्धिमान साहा ने 54 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं साई सुदर्शन ने 47 गेंदों में 96 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम का स्कोर 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 214 रन तक पहुंचा दिया।
