IPL 2023 Auction DC Target Players List: दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) भी आईपीएल की उन पुरानी टीमों में से एक है जिसने अब तक एक बार भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल नहीं किया है। रिषभ पंत की अगुवाई में वे एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे और अपना पहला खिताब जीतने के लिए दम लगाएंगे। लेकिन उससे पहले उनको 23 दिसंबर को होने वाले आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (IPL Auction) में जोर लगाना होगा।
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals Logo)
दिल्ली कैपिटल्स अब तक टीम खड़ी करने के लिए अपने बजट का 75.55 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। उनके पर्स में अब 19.45 करोड़ रुपये बाकी हैं जिससे उनको आगामी नीलामी में खरीदारी करनी होगी। वे अब तक 20 खिलाड़ियों को रिटेन कर चुके हैं यानी अब सिर्फ 5 खिलाड़ियों के लिए जगह बाकी है जिसमें ज्यादा से ज्यादा 2 विदेशी खिलाड़ी खरीदे जा सकते हैं। ऐसे में हम यहां तीन ऐसे खिलाड़ियों की बात करते हैं जिन पर दिल्ली की नजर रह सकती है।
1. राइली रूसो
दक्षिण अफ्रीका का ये शीर्ष क्रम का बल्लेबाज इस समय सभी की पसंद बना हुआ है। दुनिया भर के लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के अलावा टी20 विश्व कप व अन्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी इस बल्लेबाज ने अपना दम दिखाया है। वो साउथ अफ्रीका टी20 लीग में दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी की टीम प्रीटोरिया कैपिटल्स का हिस्सा भी हैं, ऐसे में दिल्ली की टीम उनको जरूर खरीदने के लिए जोर लगाएगी। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है।
2. कैमरन ग्रीन
ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन ने जब से टी20 विश्व कप में धूम मचाई है, सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी टीमों की नजरें उन पर टिक गई हैं। दिल्ली कैपिटल्स टीम में ग्रीन एक ऑलराउंडर के रूप में काफी योगदान दे सकते हैं। अगर शीर्ष क्रम में जगह नहीं बनी तो मध्यक्रम में भी वो एक उपयोगी और धुआंधार बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। लंबी कद-काठी वाले इस ऑलराउंडर की गेंदबाजी भी भारतीय पिचों पर विरोधी बल्लेबाजों को परेशान करने के लिए काफी होंगी।
3. लवनिथ सिसोदिया
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य विकेटकीपर रिषभ पंत ही होंगे लेकिन उन्होंने अपने दूसरे विकेटकीपर केएस भरत को इस बार रिलीज कर दिया था। ऐसे में दिल्ली की टीम विकेटकीपर के रूप में सिसोदिया को शामिल करने के लिए बोली लगा सकती है। कर्नाटक के लिए खेलने वाला ये 22 वर्षीय विकेटकीपर बाएं हाथ से बल्लेबाजी भी करता है। उनको अब तक सिर्फ 20 टी20 मैचों का अनुभव है लेकिन कई चयनकर्ता उनके नाम की चर्चाएं कर चुके हैं। इसलिए लवनिथ केएस भरत का एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।
आईपीएल 2023 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की मौजूदा टीम (Retained players list of DC)
रिषभ पंत (कप्तान), डेविड वॉर्नर, पृथ्वी शॉ, रिपल पटेल, रोवमैन पॉवेल, सरफराज खान, यश ढुल, मिचेल मार्श, ललित यादव, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान, विक्की ओस्तवाल, अक्षर पटेल, एनरिच नॉर्किया, चेतन सकारिया, कमलेश नागरकोटी, खलील अहमद, अमन खान, कुलदीप यादव और प्रवीण दुबे।
