मंगलवार, 24 नवंबर को भारतीय मूल के बाएं हाथ के ऑलराउंडर हरप्रीत सिंह भाटिया ने यह साबित किया कि अगर आपके सपने में ईमानदारी है और खुद पर भरोसा है तो वह देर से ही सही पूरे होते हैं। कभी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना देखने वाले हरप्रीत ने आज उसके खिलाफ ही शतक जड़कर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह कारनामा एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के करो या मरो मैच में किया। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्ली राजहारा में जन्मे हरप्रीत ने इंडिया ए के खिलाफ इस मुकाबले में 120 गेंद में अपना शतक पूरा किया। हरप्रीत 130 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें अरशद खान ने आउट किया। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के जड़े। यह लिस्ट ए क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हुए बिहार के खिलाफ 120 रन की पारी खेली थी। इतना ही नहीं इस टूर्नामेंट में एसोसिएट नेशन की ओर से शतक जड़ने वाले वह पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
हरप्रीत सिंह भाटिया (साभार-X)
इंडिया ए के खिलाफ हरप्रीत ने जब अपना शतक पूरा किया तो उनके लिए यह लम्हा बेहद खास था, क्योंकि ताउम्र भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट का सपना देखने वाले हरप्रीत को जब यहां मौका नहीं मिला तो उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए यूएई का रूख किया। अप्रैल 2026 में यूएई की नागरिकता मिली और उसके फौरन बाद उन्होंने टी20 और वनडे में डेब्यू कर लिया। यहां उन्होंने वनडे टीम की कमान भी संभाली।
लीडरशिप भूमिका निभा चुके हैं हरप्रीत
2009 में हरप्रीत सिंह भाटिया भारतीय अंडर-19 टीम के लीडरशिप की भूमिका में थे। वह टीम के उप-कप्तान थे। लेकिन उन्हें असली पहचान कूच विहार टूर्नामेंट में मिली जब 2008-09 में उन्होंने 7 मैच में 709 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था। 2010 में जब अंडर-19 वर्ल्ड कप की टीम बनी तो वह केएल राहुल, मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी के साथ खेले थे।
2009-10 में किया फर्स्ट क्लास डेब्यू
सीनियर क्रिकेट की बात करें तो 2009-10 में उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। हालांकि, 2018 में उन्होंने एमपी को छोड़कर छत्तीसगढ़ का दामन थामा। 2018-19 में वह रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में लीडिंग रन स्कोरर थे। उस सीजन उन्होंने 629 रन की पारी खेली थी।
आईपीएल में भी दिखाया दम
हरप्रीत सिंह ने 2010 में कोलकाता नाईट राइडर्स की ओर से खेलते हुए अपना आईपीए डेब्यू किया। केकेआर के अलावा हरप्रीत पुणे वॉरियर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और पंजाब किंग्स का भी हिस्सा रहे। 2024 में वह पीबीकेएस का हिस्सा थे।
