Vijay Shankar Announces Retirement: भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर ने क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। विजय शंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घरेलू क्रिकेट और IPL से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर को लेकर अपना साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए भावुक संदेश लिखा। विजय शंकर को भारतीय टीम का एकमात्र '3D' क्रिकेटर कहा जाता है। दरअसल, 2019 वर्ल्डकप के लिए तत्कालीन चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने उन्हें बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में माहिर मानते हुए थ्रीडी क्रिकेटर कहा था। विजय शंकर को 2019 आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए अंबाती रायडू की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया था।
विजय शंकर ने लिया संन्यास (फोटो- BCCI)
विजय शंकर ने अपने रिटायरमेंट पर क्या लिखा
विजय शंकर ने संन्यास को लेकर एक्स पर लिखा, 'क्रिकेट मेरी जिंदगी है। 10 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था। आज 25 साल बाद खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि हर लेवल पर, सबसे बड़े लेवल पर खेलने का मौका मिला।" उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलना उनकी जिंदगी का सबसे गर्व वाला पल रहा। शंकर ने बताया कि वो घरेलू क्रिकेट और आईपीएल छोड़ रहे हैं ताकि नए मौके तलाश सकें और ज्यादा क्रिकेट खेल सकें। उन्होंने BCCI और टीम इंडिया का शुक्रिया अदा किया।'
विजय ने अपने दो सबसे खास पल भी शेयर किए। पहला, नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच का आखिरी ओवर फेंकना। दूसरा, 2019 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेना। पाकिस्तान मैच में भुवनेश्वर कुमार के चोटिल होने पर उन्हें ओवर पूरा करने बुलाया गया था और उन्होंने इमाम उल हक को आउट कर दिया था। शंकर ने अपनी आईपीएल टीमों गुजरात टाइटन्स, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का खास शुक्रिया कहा। उन्होंने TNCA का भी धन्यवाद दिया जहां उन्होंने अंडर-13 से सीनियर टीम तक का सफर तय किया और कप्तानी भी की। इसके अलावा त्रिपुरा टीम, TNPL की टीमों और इंडियन बैंक, ICF जैसी क्लब टीमों को भी याद किया।
खुद को बताया 3D क्रिकेटर
उन्होंने अपने कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ग्राउंड्समैन, मीडिया और डॉक्टरों का आभार जताया। परिवार और दोस्तों को हर मुश्किल में साथ देने के लिए धन्यवाद कहा। विजय ने लिखा कि करियर में बहुत नफरत और निगेटिविटी झेली, लेकिन उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़े। "अगर मैं कर सकता हूं, तो कोई भी कर सकता है। बस पॉजिटिव सोचो और मेहनत करो।"आखिर में उन्होंने खुद को "आपका 3D क्रिकेटर" कहकर पोस्ट खत्म की। बता दें कि 2019 वर्ल्ड कप से पहले सेलेक्टर्स ने उन्हें ‘3D प्लेयर’ बताकर टीम में चुना था। विजय शंकर ने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 खेले।
पाकिस्तान के खिलाफ रचा था इतिहास
तमिलनाडु के इस खिलाड़ी को सबसे ज्यादा 2019 आईसीसी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ किए गए कारनामे के लिए याद किया जाएगा। 16 जून 2019 को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में भारत-पाकिस्तान मुकाबला विजय शंकर का वर्ल्ड कप डेब्यू मैच था। पाकिस्तान की पारी का 5वां ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंक रहे थे। 4 गेंद के बाद भुवी के पैर में खिंचाव आ गया और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। ओवर की बची 2 गेंद फेंकने के लिए कप्तान विराट कोहली ने गेंद विजय शंकर को थमा दी। दबाव वाले मैच में पहली बार गेंदबाजी कर रहे शंकर ने पहली ही गेंद पर कमाल कर दिया। उन्होंने पाकिस्तानी ओपनर इमाम उल हक को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। वर्ल्ड कप में अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले विजय शंकर चुनिंदा भारतीयों में शामिल हो गए। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 89 रन से डकवर्थ लुईस नियम से हराया था।
कैसा रहा क्रिकेट करियर
32 साल के विजय शंकर ने भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 मैच खेले। वनडे में 223 रन और 4 विकेट, टी20 में 101 रन और 5 विकेट उनके नाम रहे। 2018 में निदहास ट्रॉफी से टी20 डेब्यू करने वाले शंकर को 2019 वर्ल्ड कप टीम में ‘3D प्लेयर’ बताकर चुना गया था। चोटों ने उनके करियर को काफी प्रभावित किया। 2019 वर्ल्ड कप के बीच में ही वह पैर में चोट के कारण बाहर हो गए थे। आईपीएल में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स के लिए खेला। 2022 में गुजरात टाइटन्स के साथ आईपीएल खिताब भी जीता। घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए शंकर ने 49 फर्स्ट क्लास मैचों में 2665 रन और 46 विकेट लिए। लिस्ट-ए में 55 मैचों में 1772 रन और 27 विकेट उनके नाम रहे।
