India Women Team: 12 जून से शुरू हो रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम रवाना हो गई है। इस बार टी20 वर्ल्ड कप 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित होने वाला है और भारतीय टीम उसे जीतने की दावेदार टीमों में से एक है। 'विमेन इन ब्लू' मुंबई से रवाना हुईं, जहां फैंस ने उन्हें विदाई दी। अनुभवी खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को महिला टी20 विश्व कप में ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड के साथ रखा गया है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम (साभार-X)
टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। दूसरे मुकाबले में भारत लीड्स में नीदरलैंड्स से भिड़ेगा और फिर मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा। इसके बाद वे मैनचेस्टर में ही बांग्लादेश के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेंगे। भारत अपना आखिरी लीग मुकाबला 28 जून को लंदन में ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलेगा। विश्व कप से पहले, हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम इंडिया में विश्व कप जीतने की क्षमता है, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम को बिना किसी दबाव या अति आत्मविश्वास के बीच संतुलन बनाए रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मैं निश्चित रूप से इस टीम को प्रबल दावेदार मानती हूं और आज हमने जो टीम चुनी है, उसमें चैंपियन बनने की क्षमता है। कोई दबाव नहीं, कोई अति आत्मविश्वास नहीं। टी20 क्रिकेट का मतलब सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलना है।" विश्व कप से पहले, भारतीय महिला टीम इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मैच 28 मई को और दूसरा मैच 30 मई को खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा मैच 2 जून को होगा।
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव।
