IND vs WI 2nd Test Day 1 Highlights: यशस्वी जायसवाल के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत भारत ने की दूसरे टेस्ट में शानदार शुरुआत

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नई दिल्ली में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल के शानदार शतक के साथ धमाकेदार शुरुआत की है। ऐसा रहा मैच के पहले दिन का हाल?

नई दिल्ली: सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का सातवां शतक जड़ा जबकि साई सुदर्शन ने भी अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश करके टीम में अपनी उपयोगिता साबित की जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए दूसरे एवं अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शुक्रवार को यहां दो विकेट पर 318 रन बनाए। शुभमन गिल ने कप्तान के रूप में पहली बार टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जिसका जायसवाल ने पूरा फायदा उठाया। पहले टेस्ट में बड़ा स्कोर बनाने से चूकने वाले जायसवाल दूसरे मौके को हाथ से जाने देने के मूड में नहीं थे और उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। वह 253 गेंदों पर 22 चौकों की मदद से 173 रन बनाकर खेल रहे हैं।

Shubman Gill and Yashasvi Jaiswal

शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल

शतक से चूके सुदर्शन

सुदर्शन हालांकि अपना पहला टेस्ट शतक पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने 165 गेंद का सामना करके 87 रन बनाए जिसमें 12 चौके शामिल हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का यह सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। सुदर्शन और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए 193 रन जोड़कर वेस्टइंडीज के कमजोर आक्रमण की कलई खोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

End of Feed