तीसरे दिन का खेल खत्म, 178 रन की बढ़त लेकर ड्राइविंग सीट पर टीम इंडिया

भारत ने गॉल टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 178 रन की बढ़त हासिल कर ली। 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन बनाकर ढेर हो गई।

बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (76 रन देकर चार विकेट) और अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा (57 रन देकर तीन विकेट) की अगुवाई में भारत ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को श्रीलंका की पहली पारी को 284 रन पर समेट दिया। भारत को इस तरह पहली पारी में 178 रन की बड़ी बढ़त मिल गयी। श्रीलंका की पारी खत्म होते ही बारिश होने लगी और फिर दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।

india vs sri lanka

भारत और श्रीलंका (साभार-X)

भारतीय स्पिनरों के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों को काफी संघर्ष करना पड़ा और टीम ने 90 रन तक पांच विकेट गंवा दिये थे। सोनल दिनुशा ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 168 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। अपने चौथे टेस्ट में करियर का पहला शतक जड़ने वाले दिनुशा ने छठे विकेट के लिए निरोशन डिकवेला (80) के साथ 146 रन की साझेदारी कर टीम को खराब शुरुआत से उबारा। लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे डिकवेला ने 115 गेंद की पारी में सात चौके लगाये।

End of Feed