IND vs PAK: पाकिस्तान को मनाने की कवायद जारी, लाहौर रवाना हुए आईसीसी उपाध्यक्ष

टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच कराने की कवायद तेज हो गई है। अब आईसीसी के उपाध्यक्ष को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह पीसीबी को इसक लिए मनाएं। इससे पहले बीसीबी चीफ भी पाकिस्तान पहुंचे थे। रिपोर्ट की मानें तो भारत-पाकिस्तान मैच होने की उम्मीद बढ़ गई है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले के पाकिस्तान के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने की कोशिशों के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अधिकारियों से मिलने के लिए लाहौर रवाना हो गए। आईसीसी में सिंगापुर का प्रतिनिधित्व करने वाले ख्वाजा वैश्विक संचालन संस्था में एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं और एसोसिएट सदस्य निदेशक के तौर पर बोर्ड में उनके पास मतदान का अधिकार है। पीसीबी के करीबी एक सूत्र ने पुष्टि की है कि ख्वाजा को आईसीसी बोर्ड ने इस विवादास्पद विषय पर मध्यस्थ के रूप में नामित किया है।

India vs Pakistan

भारत-पाकिस्तान (साभार-X)

सूत्र ने कहा, ’’वह (ख्वाजा) पिछले कुछ समय से मोहसिन नकवी से बातचीत कर रहे हैं और वह आज लाहौर पहुंच रहे हैं जिससे कि आज शाम वर्चुअल बैठक से पहले पीसीबी प्रमुख और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम से बात कर सकें।’’ अमीनुल पहले से ही लाहौर में हैं और रविवार को नकवी से मिल चुके हैं। उम्मीद है कि अमीनुल उन चर्चाओं का हिस्सा होंगे जिनका मकसद पाकिस्तान को 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मनाना है।

End of Feed