स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय अंडर-19 टीम ने वर्ल्ड कप में जीत के साथ आगाज किया है। यूएसए के खिलाफ भारत ने छह विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला खामोश रहा। वह यूएसए के खिलाफ मात्र दो रन की पारी खेल सके।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का अगला मैच
पहले मैच में भारत ने टॉत जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूएसए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35.2 ओवर में 107 रन बनाए। हेनिल पटेल ने 7 ओवर में 16 रन देकर पांच विकेट चटकाए। 108 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर में ही टीम को पहला झटका लगा। बार-बार हुई बारिश की वजह से भारत को बाद में 37 ओवर में 96 का टारगेट मिला। भारत ने 17.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। अभिज्ञान कुंडु ने नाबाद 42 रन की पारी खेली।
17 जनवरी को दूसरा मुकाबला
पहली जीत के बाद भारतीय टीम दूसरे मुकाबले के लिए जोरदार तैयारी करेगी, क्योंकि पहले मैच में टॉप ऑर्डर पूरी तरह से फेल रहा। भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा। ये मैच भी क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में ही भारतीय समयानुसार 1 बजे से खेला जाएगा। भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है।
भारत है इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम
अंडर-19 विश्व कप 2026, विश्व कप का 16वां संस्करण है। पिछले 15 संस्करणों में भारतीय टीम सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। भारतीय टीम 5 बार चैंपियन रही है। ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार ये खिताब जीता है। पाकिस्तान 2 बार चैंपियन रही है। इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश भी एक-एक बार चैंपियन रह चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा विजेता है। 2024 में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर खिताब जीता था।
अंडर-19 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।
